Kannauj: नवाब की गिरफ्तारी से गरमाई इत्र नगरी की राजनीति, बीजेपी लगातार हमलावर

49
perfume-city-heats-up-after-Kannauj

Kannauj: नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में सपा नेता नवाब सिंह यादव को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद इत्र नगरी कन्नौज में सियासत गरमा गई है। आरोपी सपा नेता है। वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव का करीबी है और यहां से सांसद रहीं डिंपल का प्रतिनिधि रह चुका है। दुष्कर्म के प्रयास मामले में नवाब सिंह की गिरफ्तारी के बाद जिले में उसके हर बयान की जोरदार चर्चा हो रही है।

समाजवादी पार्टी ने झाड़ा पल्ला

सपा जिला अध्यक्ष मोहम्मद कलीम खान ने इस मामले में पत्र जारी कर कहा है कि नवाब सिंह यादव का सपा से कोई लेना-देना नहीं है, वह सपा नेता नहीं है। इसलिए उसका नाम पार्टी से न जोड़ा जाए। वह पांच साल से पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहा है। हालांकि अखिलेश यादव ने 25 जुलाई को नवाब सिंह यादव की मां के निधन पर उन्हें पत्र लिखकर दुख जताया था।

सपा नेता जूही सिंह ने कहा कि एक पुराने सपा नेता पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप है। लड़की 15 साल की थी तो वह किस नौकरी की तलाश में थी? अगर लड़की के साथ छेड़छाड़ हुई है तो उसे न्याय मिलना चाहिए। हम नार्को टेस्ट और डीएनए टेस्ट की मांग करते हैं। हमारी यह भी मांग है कि किसी पर आरोप लगाने से पहले पुख्ता सबूत होने चाहिए और अगर कोई साजिश है तो इस साजिश में शामिल लोगों को भी सजा मिलनी चाहिए। सबके साथ न्याय होना चाहिए।

सुब्रत पाठक ने बताया शर्मनाक

कन्नौज से पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि नाबालिग को अपने कॉलेज में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करना और खुद आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाना बेहद शर्मनाक है। यह घटना सपा के चरित्र को दर्शाती है। आरोपी सपा नेता डिंपल यादव का प्रतिनिधि रह चुका है। वह अखिलेश का भी काफी करीबी है। अयोध्या के बाद सपा का यह दूसरा मामला है। अभी सरकार नहीं है, इसलिए यह स्थिति है। अगर सरकार आ गई तो किसी भी घर की बहू-बेटी सुरक्षित नहीं रहेगी। पहले सपा के संस्थापक कहते थे कि लड़के तो लड़के होते हैं, लड़कों से गलतियां हो जाती हैं। अब अध्यक्ष कह रहे हैं कि बड़ों से गलतियां हो जाती हैं। लेकिन गलतियां तभी होती हैं, जब उनसे गलतियां करने के लिए कहा जाता है। सपा अब बलात्कारी पार्टी कहलाएगी।

बीजेपी ने कहा- अपराधों पर पर्दा डालने में जुटी सपा

भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि आरोपी नवाब सिंह यादव सपा का कोई छोटा-मोटा नेता नहीं है, बल्कि डिंपल यादव का सांसद प्रतिनिधि भी रह चुका है। सपा ने हमेशा लड़के होते हैं, लड़के गलती कर देते हैं की नीति के तहत ऐसे अपराधों पर पर्दा डाला है।

यह भी पढ़ेंः-अयोध्या के बाद अब यहां दुष्कर्म के प्रयास में सपा नेता गिरफ्तार, ऐसी हालत में मिला आरोपी

पहले अयोध्या के मोइद खान और अब कन्नौज के नवाब यादव, यही सपा का असली चरित्र है। कन्नौज में सपा नेता पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। प्रदेश में कानून का राज है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उचित कार्रवाई की जाएगी। सपा नेता कथित अयोध्या गैंगरेप कांड के आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराने की मांग कर रहे थे। उनका यहां भी डीएनए टेस्ट होना चाहिए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)