प्रदेश मध्य प्रदेश राजनीति

जावेद हबीब के थूकने पर गरमाई राजनीति , बीजेपी विधायक ने दी सैलून बंद करने की चेतावनी

इंदौर: हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब द्वारा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर में एक महिला के सिर पर थूकने को लेकर मध्य प्रदेश में भी बवाल शुरू हो गया है। मामले में इंदौर के विधायक आकाश विजयवर्गीय ने चेतावनी दी है कि इंदौर में स्थित हबीब के सभी सैलून 48 घंटे में बंद किए जाएं। इस संबंध में कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर और निगम कमिश्नर को अवगत कराया है। कार्रवाई नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

जावेद हबीब द्वारा एक महिला के सिर पर थूकने का वीडियो वायरल होने पर मध्य प्रदेश में भी राजनीति गर्म हो गई है। इंदौर से भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय ने एक वीडियो जारी कर चेतावनी दी है कि शहर में स्थित जावेद हबीब के सभी सैलून बंद किए जाएं, वरना उग्र आंदोलन किया जाएगा। इंदौर में हबीब के 10 सैलून हैं। उधर, भाजपा शहर उपाध्यक्ष सुमित मिश्रा ने जावेद की इस हरकत को अक्षम्य बताया है। साथ ही, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने लिखा है कि जावेद खुद को भाजपा का सदस्य बताता है, यदि ऐसा है तो उसे निष्कासित किया जाए।

मिश्रा ने लिखा है कि ओमिक्रॉन का संक्रमण नाक और मुंह से फैलता है। दुनिया के विशेषज्ञ लोगों से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के लिए प्रेरित कर रहे हैं। खुद को हेयर डिजाइनर बताने वाला यह व्यक्ति इंसानियत का दुश्मन बनकर थूक भी रहा है। दूसरों को भी ऐसा करने के लिए उकसा रहा है। यह तालिबानी सोच है।

यह भी पढ़ेंः-PM के बाद अब उत्तराखंड के पूर्व CM की सुरक्षा में चूक, मंच पर छुरा लेकर पहुंचा शख्स

गौरतलब है कि 3 जनवरी को मुजफ्फरपुर के जड़ौदा में होटल में जावेद हबीब की वर्कशॉप थी। इस दौरान जावेद ने हेयर स्टाइल के टिप्स दिए थे। जावेद हबीब ने बताया कि पानी न होने की स्थिति में थूक से भी हेयर कट किए जा सकते हैं। उन्होंने डेमो के रूप में कुर्सी पर बैठी महिला के सिर पर थूक दिया। इसका वीडियो 6 जनवरी को सामने आया। महिला की पहचान पूजा गुप्ता के रूप में हुई। वह बागपत जिले में बड़ौत कस्बे की रहने वाली है और ब्यूटी पार्लर चलाती है। पूजा ने 6 जनवरी को थाना मंसूरपुर में जावेद हबीब के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इसके बाद ही हिंदू संगठनों ने उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया था। हालांकि हबीब ने माफी भी मांग ली थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)