Uncategorized

CM Channi के 'यूपी-बिहार के भइया' वाले बयान पर शुरु हुआ सियासी घमासान, जानिए किसने क्या कहा

चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Channi) के उस बयान पर पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है जिसमें चन्नी ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश व बिहार से पंजाब आने वाले लोगों को ‘भईया’ कहा है। पंजाब के लुधियाना, रोपड़, जालंधर आदि जिलों में उत्तर प्रदेश व बिहार से आने वाले लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। कई जिलों में तो यूपी व बिहार से आए लोग न केवल नगर परिषदों में पार्षद हैं बल्कि विधायक तक भी पहुंच चुके हैं लेकिन चन्नी के बयान ने विरोधियों को मौका दे दिया है।

ये भी पढ़ें..BSF को बड़ी सफलता, हेरोइन के साथ भारी मात्रा में विदेशी हथियार व गोला-बारूद जब्त

चन्नी ने बयान में कहा, 'एक साथ हो जाओ पंजाबियों। यूपी के, बिहार के, दिल्ली के भइये यहां आकर राज करना चाहते हैं ना, उन्हें फटकने नहीं देना है।' चन्नी (Channi) के इस बयान के बाद प्रियंका गांधी हाथ उठाकर ताली बजाने लगती हैं। इसका वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है, जिस पर विपक्षी पार्टियों ने जमकर हमला बोला है।

चन्नी के इस बयान पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है। हम किसी व्यक्ति या किसी विशेष समुदाय के उद्देश्य से की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी भी यूपी से ताल्लुक रखती हैं, वह भी भैया हैं। भाजपा महासचिव सुभाष शर्मा ने कहा कि चुनाव हार रही कांग्रेस के नेता अब पूरी तरह से बौखलाहट में हैं। वह अनाप-शनाप बयान देकर पंजाब का भाईचारा खत्म करना चाहते हैं। इसके अलावा भाजपा के नेता तेजस्वी सूर्या ने ट्विटर पर चरणजीत सिंह चन्नी का वीडियो शेयर किया। वह प्रियंका गांधी पर निशाना साधा।

https://twitter.com/Tejasvi_Surya/status/1493846129284304900?s=20&t=wycBOgH86Rt1rh4KrR4nCA

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि पंजाब के कांग्रेसी मुख्यमंत्री ने शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में यूपी व बिहार के लोगों का जो अपमान किया। वह शर्मनाक है। दोनों प्रदेशों के लोग कांग्रेस को चुनाव में सबक सिखाएं। बिहार के लोग भी इसका जरूर उचित संज्ञान लें।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, 'चन्नी जी, आपने ये जो बिहार, यूपी और दिल्ली के लोगों के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। मैं इसकी निंदा करता हूं। हर पूर्वांचली पंजाब को प्यार करता है लेकिन आपकी इस छोटी सोच के बाद ये सवाल उठता है कि उत्तर प्रदेश में आपकी प्रियंका दीदी कैसे प्रचार करेंगी? कैसे यूपी में वोट मांगेंगी? ये कांग्रेस की वही सोच है कि फूट डालो और राज करो।'

बिहार सरकार के मंत्री संजय झा ने कहा कि हम उनके बयान की कड़ी निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी इस पर ताली भी बजा रही हैं। बिहार के लोग जहां भी गए हैं। उन्होंने मेहनत से अपनी जगह बनाई है। उस राज्य के विकास में योगदान किया है।

ये था मामला

दरअसल मंगलवार को प्रिंयका गांधी पंजाब के रोपड़ में थी। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी थे। पंजाब में रैलियों के दौरान प्रिंयका गांधी ने खुद को पंजाब की बहू होने तथा बच्चों के रगों में पंजाबियों का खून होने का दावा करते हुए खुद को पंजाब से जोड़ा। इस दौरान उत्साहित हुए चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि 'यूपी दे, बिहार दे, दिल्ली दे भइये आके इते राज नई करदे।' इसके बाद वहां मौजूद लोगों समेत खुद प्रियंका गांधी ने ताली बजाई।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)