Shimla MC elections : चुनाव प्रचार थमा, 34 वार्डों में दो मई को होगा मतदान

0
7

shimla-nagar-nigam-chunav

शिमला: शिमला नगर निगम (Shimla Municipal Corporation) की 34 सीटों पर दो मई को होने वाले चुनाव के लिए रविवार शाम 04 बजे प्रचार थम गया। प्रचार के अंतिम दिन भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आआपा) और माकपा ने अपने उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी सभाएं, रोड शो और पदयात्रा में पूरी ताकत झोंक दी। चुनाव प्रचार थमने पर अब उम्मीदवारों का सोमवार को मतदाताओं के घर-घर जाकर वोट अपील पर जोर रहेगा।

इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। दोनों दलों ने सभी 34 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि आआपा 21 और माकपा 04 वार्डों में ही अपने उम्मीदवार उतार सकी है। भाजपा और कांग्रेस के लिए नगर निगम शिमला का चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस में जिस रूप में गारंटियों को जनता के सामने पेश किया उस रूप में अब पूरा नहीं किया जा रहा। बिंदल ने प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस को निशाने लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गारंटियों के नाम पर जनता को गुमराह किया है।

मुख्यमंत्री ने कीं नुक्कड़ सभाएं –

रविवार को विपक्ष की तरफ से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चुनाव प्रचार का मोर्चा संभालते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने शहर के आठ वार्ड में कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में नुक्कड़ सभाएं कीं। मुख्यमंत्री ने बेनमोर से चुनाव प्रचार की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने छोटा शिमला से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेंद्र चौहान के लिए मुख्यमंत्री ने स्ट्रॉबेरी हिल में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। यहां पहुंचने पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। सुक्खू ने कहा कि स्ट्रॉबेरी हिल मेरा घर है। मैं आपसे सुरेंद्र चौहान के लिए समर्थन मांगने आया हूं। ब्रॉकहस्ट में हमारा परिवार 26 नंबर सेट में रहा है। मेरी बचपन की यादें यहां से जुड़ी हैं।

उप मुख्यमंत्री ने निकाला रोड शो –

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शहर के लोअर बाजार में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो निकाला। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और विक्रमादित्य सिंह ने प्रेस वार्ताओं के दौरान भाजपा पर ताबड़तोड़ हमले किये। पूर्व भाजपा सरकार पर हमला करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि स्मार्ट सिटी के पैसे का जमकर दुरुपयोग हुआ। भाजपा नेताओं के ऑपरेशन लोटस के बयान पर हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भाजपा ख्याली पुलाव पका रही है। कांग्रेस की सरकार मजबूत है, और 5 साल तक चलेगी।

ये भी पढ़ें..भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में RSS समर्थित संगठन, कोलकाता में करेगी मेगा रैली

93 हज़ार से अधिक वोटर डालेंगे वोट –

34 वार्डों वाली शिमला नगर निगम (Shimla Nagar Nigam) के लिए 02 मई (मंगलवार) को मतदान होगा। वोटों की गिनती 04 मई को होगी। 93 हज़ार से अधिक वोटर 102 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। निर्वाचन आयोग ने नगर निगम चुनाव के लिए 153 मतदान केंद्र (polling station) स्थापित किए हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)