प्रदेश बिहार Featured

बिहार विधानसभा मार्च को निकले भाजपा नेताओं पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

lathicharge-on-bjp-leader Lathicharge on Bihar BJP Leaders : पटनाः बिहार में शिक्षक भर्ती और बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बिहार विधानसभा का घेराव करने निकले भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर गुरुवार को पुलिस ने लाठीचार्ज किया। बताया जा रहा है कि लाठीचार्ज में कई महिला कार्यकर्ता और नेता घायल हो गये हैं। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और वॉटर कैनन भी छोड़े। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी सड़क पर ही धरने पर बैठ गये। वहीं बिहार विधानसभा सदन में भी मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को बीजेपी विधायकों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान बीजेपी विधायकों ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए। बाद में पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा को मार्शलों ने सदन से बाहर कर दिया, जिसके बाद बीजेपी ने सदन से वॉकआउट कर दिया। मानसून सत्र के चौथे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी सदस्यों ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्तीफे को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान बीजेपी विधायक वेल में पहुंच गये। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने भी सलाह दी कि आपको सार्वजनिक हंगामे के लिए नहीं भेजा गया है। उन्होंने चेतावनी भी दी कि यह ठीक नहीं है, आसन कार्रवाई भी कर सकता है। इसके बावजूद बीजेपी विधायकों का हंगामा जारी रहा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा को बोलने का मौका दिया। सिन्हा ने सरकार से पूछा कि पहली कैबिनेट में 10 लाख नौकरियों के वादे का क्या हुआ। इसके बाद स्पीकर ने प्रश्नकाल के दौरान अन्य विधायकों के नाम पुकारे। बीजेपी विधायकों ने फिर हंगामा शुरू कर दिया। ये भी पढ़ें..TMC का बीजेपी पर हमला, अनंत महाराज की उम्मीदवारी को लेकर... संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि ऐसे सदन नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई सदन या सभापति का अपमान करता है तो सभापति को उसके खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार है। स्पीकर ने हंगामा कर रहे विधायकों को मार्शल से बाहर निकालने का आदेश दिया। बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा को मार्शलों ने उठाकर सदन से बाहर ले गए। इसके बाद बीजेपी ने सदन से वॉकआउट कर दिया। नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह अघोषित आपातकाल है। सदन में विपक्षी सदस्यों को बोलने नहीं दिया जा रहा है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)