मध्य प्रदेश Featured

पुलिस स्मृति दिवसः शहीदों को अर्पित किए जाएंगे श्रद्धासुमन, होंगे विशेष कार्यक्रम

इंदौरः कर्तव्यपथ पर प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की याद में प्रतिवर्ष की तरह इस साल भी 21 अक्टूबर को 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, महेश गार्ड लाईन इन्दौर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम शोक परेड (पुलिस स्मृति दिवस) आयोजित की गई है। इस दौरान मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आरएपीटीसी डॉ. वरुण कपूर एवं अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें..BHU में शैक्षणिक सत्र 2022-23 में PG में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया हुई आरंभ

उल्लेखनीय है कि लद्दाख स्थित हॉट स्प्रिंग की यात्रा देश के प्रत्येक पुलिस कर्मचारी के लिए तीर्थ है। भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के उप पुलिस अधीक्षक करम सिंह और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के उनके 20 सहयोगी 21 अक्टूबर 1959 को अन्य दिन की तरह समुद्र तल से 4681 मीटर स्थित हॉट स्प्रिंग भारतीय सीमा पर गश्त पर थे। तभी चीनी सैनिकों ने पहाड़ी की चोटी से भारतीय गश्ती दल पर हमला बोला, जिसमें 11 वीर सपूत शहीद हुए व अन्य को कैदी बना लिया गया। समूचे भारत की पुलिस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को "पुलिस स्मृति दिवस" के रूप में मनाती है एवं सभी पुलिस इकाईयाँ उस वर्ष शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें याद करते हैं।

सेनानी 15वीं वाहिनी विसबल इंदौर यांगचेन डोलकर भूटिया (भारतीय पुलिस सेवा) ने बताया कि 01 सितम्बर 2021 से 31 अगस्त 2022 तक की अवधि में कुल 261 अधिकारी और कर्मचारी कर्तव्य की वेदी पर शहीद हुए, जिसमें मध्यप्रदेश के 16 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। शहीदों के नाम का वाचन सेनानी 15वीं वाहिनी विसबल इन्दौर यांगचेन डोलकर भुटिया द्वारा किया जाएगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)