पीएम मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी के घर जाकर दी जन्मदिन की बधाई, बोले-देश उनका ऋणी रहेगा

0
36

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की विद्वतापूर्ण गतिविधियों और समृद्ध बुद्धि के लिए प्रशंसा की। साथ ही लोगों को सशक्त बनाने और हमारे सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाने का भी श्रेय उन्हें दिया। पूर्व उप प्रधानमंत्री आडवाणी आज 94 वर्ष के हो गए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता को व्यक्तिगत रूप से बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी आज उनके आवास पर भी गए। पीएम मोदी की उपस्थिति में केक काटकर आडवाणी का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान उनके साथ उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी.नड्डा भी मौजूद रहे।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं। लोगों को सशक्त बनाने और हमारे सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाने की दिशा में उनके तमाम प्रयासों के लिए राष्ट्र उनका ऋणी रहेगा। उन्हें उनकी विद्वतापूर्ण गतिविधियों और समृद्ध बुद्धि के लिए भी व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता है। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि अपने सतत संघर्ष से भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को अखिल भारतीय स्वरूप देने में अपना अहम योगदान देने वाले हम सभी के लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप सदैव स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों ऐसी ईश्वर से कामना करता हूं।

यह भी पढ़ें-देश में बीते 24 घंटे में 11 हजार से ज्यादा मिले…

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा को जन-जन तक पहुंचाने और देश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। आडवाणी पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत हैं। मैं ईश्वर से आपकी दीर्घ आयु और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं। आडवाणी का जन्म 8 नवम्बर 1927 को अविभाजित हिन्दुस्तान में हुआ था। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में 2002 से 2004 तक भारत के 7वें उप प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। आडवाणी देश के गृहमंत्री का पदभार भी संभाल चुके हैं। आडवाणी भारतीय जनता पार्टी के सह-संस्थापक और वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें भारत के दूसरे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)