PM Modi In Jammu: जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक दलों के नेता जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राज्य में तीसरे चरण के चुनाव के लिए प्रचार करने जम्मू पहुंचे। यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
ये चुनाव तय करेगा जम्मू-कश्मीर का भविष्य
चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने शुरुआत में कहा कि ये चुनाव जम्मू-कश्मीर का भविष्य चुनने का है। आज शहीद वीर सरदार भगत सिंह की जयंती भी है। मैं देश के करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत भगत सिंह जी को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि बीते दशकों में यहां कांग्रेस, एनसी और पीडीपी के नेता और उनके परिवार ही फले-फूले हैं।
आपको सिर्फ विनाश मिला है। हमारी पीढ़ियों के विनाश के लिए कांग्रेस पार्टी सबसे बड़ी जिम्मेदार है। आजादी के बाद से कांग्रेस की गलत नीतियों ने आपको सिर्फ विनाश दिया है। जम्मू का बड़ा हिस्सा सीमा से सटा हुआ है। याद कीजिए वो समय जब सीमा पार से हर दिन गोले बरसते थे, हर दिन मीडिया में ब्रेकिंग न्यूज़ आती थी कि ‘एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन हुआ है’। उस तरफ से फायरिंग होती थी और कांग्रेस के लोग सफेद झंडे लहराते थे। लेकिन जब भाजपा सरकार ने गोलियों का जवाब गोले से देना शुरू किया तो उस तरफ के लोगों को होश आ गया।
ये भी पढ़ेंः- Jammu and Kashmir elections: पीएम मोदी ने कहा- ये चुनाव तय करेगा राज्य का भविष्य
आज ही दिन भारत ने किया था सर्जिकल स्ट्राइक
पीएम मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज 28 सितंबर है। साल 2016 में इसी रात को सर्जिकल स्ट्राइक की गई थी। भारत ने दुनिया को बता दिया था कि ये नया भारत है, घर में घुसकर मारता है। आतंक के आकाओं को पता है कि अगर उन्होंने कुछ करने की हिम्मत की तो मोदी उन्हें पाताल में भी ढूंढ निकालेंगे।
कांग्रेस पर साधा निशाना
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये वही पार्टी है जिसने हमारी सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। कांग्रेस वो पार्टी है जो आज भी सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर पाकिस्तान की भाषा बोलती है। क्या आप ऐसी कांग्रेस को माफ कर सकते हैं? कांग्रेस देश के लिए मरने वालों का कभी सम्मान नहीं कर सकती। आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के दो चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरे और अंतिम चरण का चुनाव 1 अक्टूबर को होगा और नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।