प्रदेश देश उत्तर प्रदेश Featured

अयोध्या से प्रधानमंत्री मोदी ने दिया संदेश, बोले- कर्तव्य भावना के प्रतीक हैं श्रीराम

अयोध्या: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को राम नगरी अयोध्या से पूरे देश को संदेश दिया कि भगवान श्रीराम कर्तव्य भावना के प्रतीक हैं। उन्होंने अयोध्यावासियों से राम नगरी को स्वच्छ रखने की अपील भी की। दीपोत्सव के अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि इस बार लाल किले से पंच प्रणों को जो आत्मसात करने का आह्वान किया था, आज का अवसर उस संकल्प को दोहराने का भी है।

राम कथा पार्क में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करने और राम और माता सीता की आरती उतारने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भगवान राम, मर्यादा पुरुषोत्तम कहे जाते हैं। मर्यादा से जिसका बोध होता है, वह कर्तव्य ही है। उन्होंने कहा कि श्रीराम, भारत की उस भावना के प्रतीक हैं, जो मानती है कि हमारे अधिकार हमारे कर्तव्यों से स्वयं सिद्ध हो जाते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान राम कर्तव्य-भावना से कभी भी मुख नहीं मोड़ते। वह सब को साथ लेकर चलते हैं। इसीलिए उनके व्यवहार में ‘‘सबका साथ सबका विकास’’ का संदेश निहित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार मैंने लाल किले से पंच प्रणों को आत्मसात करने का आह्वान किया है। इन संकल्पों की ऊर्जा जिस एक तत्व से जुड़ी है, वो है भारत के नागरिकों का कर्तव्य। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर हमें इस संकल्प को दोहराना है।

ये भी पढ़ें..Diwali को लेकर बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था, असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस...

मोदी ने अपने संबोधन के दौरान विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत में ही राम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाए जाते थे। हमारे आस्था के केंद्र उपेक्षा के शिकार थे। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में देश ने हीनभावना की बेड़ियों को तोड़ा है। अब आस्था के स्थलों का विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर अयोध्यावासियों से कहा कि अब उनकी जिम्मेदारियां भी बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण के साथ ही अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ जाएगी। ऐसे में अयोध्या स्वच्छ और यहां के लोगों का व्यवहार अच्छा हो। प्रधानमंत्री ने कहा कि अयोध्या की पहचान अब कर्तव्य नगरी के रूप में होनी चाहिए।

रामराज्य के संकल्प को मोदी ने किया साकार : योगी

मुख्यमंत्री योगी ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में रामराज्य के संकल्प को साकार किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जीवन में भगवान श्रीराम के आदर्शों को उतारकर राम राज्य की परिकल्पना को साकार किया है। योगी ने भी अपने संबोधन में विपक्ष पर प्रहार किया और कहा कि अयोध्या को कुछ लोगों ने कुत्सित राजनीति के लिए वीरान बना दिया था। लेकिन पिछले छह साल पहले यहां दीपोत्सव प्रारंभ हुआ और यह आयोजन अब पूरे देश का उत्सव बन गया है। इससे पूर्व, अयोध्या पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले रामलला का दर्शन पूजन किया और आरती उतारी। इसके बाद निर्माणाधीन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निरीक्षण किया। दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात करीब आठ बजे मोदी अयोध्या से लखनऊ प्रस्थान करेंगे और वहां से नई दिल्ली वापस चले जाएंगे।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…