Prakram Divas: PM मोदी आज लाल किले पर होने वाले पराक्रम दिवस समारोह होंगे शामिल, भारत पर्व का करेंगे भी शुभारंभ

73

Prakram Divas, नई दिल्लीः नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 127वीं जयंती पर आज पूरा देश नमन कर रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम 6: 30 बजे राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक लाल किला पर पराक्रम दिवस के नौ दिवसीय (23-31 जनवरी) कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। साथ ही पीएम मोदी भारत पर्व का भी शुभारंभ करेंगे, जो आज से 31 जनवरी तक चलेगा। ये कार्यक्रम दिल्‍ली के रामलीला मैदान और लाल किला के सामने माधवदास पार्क में आयोजित होंगे।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर 2021 से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस साल लाल किला पर आयोजित इस उत्सव में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज की विरासत देखने को मिलेगी। अभिलेखागार प्रदर्शनी में दुर्लभ तस्वीरें और दस्तावेज आगुंतकों को नया अनुभव प्रदान करेंगे।

ये जश्न 31 जनवरी तक जारी रहेंगे। साथ ही प्रधानममंत्री नौ दिवसीय भारत पर्व का भी शुभारंभ करेंगे। इसमें गणतंत्र दिवस की झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ देश की समृद्ध विविधता का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें 26 मंत्रालयों और विभागों के प्रयासों के झलक दिखेगी। यह कार्यक्रम लाल किला के सामने रामलीला मैदान और माधव दास पार्क में होगा।

ये भी पढ़ें..Subhash Chandra Bose Jayanti: नेताजी की जंयती पर राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी ने किया याद

कार्यक्रम में दिखेगी आजाद हिंद फौज की विरासत की झलक

भारत सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के अनुसार, पराक्रम दिवस पर दिल्ली के लाल किले में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में ऐतिहासिक प्रतिबिंब और जीवंत सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के साथ एक बहुआयामी उत्सव शुरू होगा। इस मेगा महोत्सव का आयोजन संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, साहित्य अकादमी और भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार के सहयोग से किया गया है। इस महोत्सव में नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज की समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

आजाद हिंद फौज की गाथा में लाल किले की अहम भूमिका

PIB के मुताबिक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज की गाथा में लाल किले की अहम भूमिका है। लाल किला परिसर में स्थापित संग्रहालय नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आईएनए की विरासत को संरक्षित और सम्मान देने के लिए समर्पित है।

इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 में नेताजी की जयंती पर किया था। कर्नल प्रेम सहगल, कर्नल गुरबख्श सिंह ढिल्लों और कर्नल शाहनवाज खान के नाम इतिहास में लाल किला ट्रायल में प्रमुख व्यक्तियों के रूप में दर्ज हैं। भारत की आजादी को लेकर उनकी प्रतिबद्धता के कारण लाल किला बैरक मामला सामने आया था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)