देश में 4 जून के बाद बहुत बड़ा राजनीतिक भूचाल आएगा… बंगाल में जमकर बरसे PM मोदी

18
pm-modi-bangal-rally

Lok Sabha Chunav 2024 , कोलकाताः लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार के आखिरी चरण से पहले बुधवार को भाजपा के शीर्ष नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार और कांग्रेस पर एक साथ निशाना साधा। मोदी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबसे बड़ी जीत मिलेगी।

मां दुर्गा के उद्धोष के साथ की भाषण की शुरूआत

मोदी ने इस रैली के मंच से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत जय मां दुर्गा और जय मां काली के उद्घोष से की। उन्होंने कहा कि मैं पवित्र गंगा सागर को प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा कि रैली में आई लोगों की भीड़ बता रही है कि भाजपा की कितनी जबरदस्त जीत होने वाली है।

लोगों ने भारी बारिश के बाद भी खुले में रैली करने का साहस दिखाया। सूर्य देव ने कृपा दिखाई। ऐसा तभी होता है जब जनता खुद चुनाव में बढ़त लेती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं कोलकाता की जनता का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने कल शाम रोड शो में प्यार और आशीर्वाद दिया। मोदी ने कहा कि लोगों का यह स्नेह साफ तौर पर संदेश दे रहा है कि देश में एक बार फिर मोदी सरकार बनने जा रही है।

पिछली सरकारों पर जमकर साधा निशाना

कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि देश की जनता ने 10 साल की विकास यात्रा देखी है और 60 साल की बदहाली भी। देश के करोड़ों गरीब लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे। भारत में भुखमरी की समस्या थी। लोगों के सिर पर छत नहीं थी। महिलाओं को खुले में शौच जाना पड़ता था। गांवों में बिजली नहीं थी। सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह था कि सुधार के लिए चर्चा तक नहीं होती थी।

ये भी पढ़ेंः- DA Hike: सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी ! जुलाई में इतना बढ़ेगा DA और सैलरी

वंशवाद के लोगों ने लोगों के सपनों को मार डाला। देश की पांच पीढ़ियां बर्बाद हो गईं। हमारे साथ आजाद हुए देश, हमसे छोटे थे, आज बड़ी ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं। हमारे पास युवा आबादी थी, हुनर ​​था, लेकिन हम पीछे रह गए। दुनिया देख रही है कि आज भारत कैसे आगे बढ़ रहा है। आज अमेरिका से लेकर यूरोप तक भारत की तारीफ हो रही है। यह सब लोगों के एक वोट की ताकत से हुआ है।

आज हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं और जल्द ही तीसरी बन जाएंगे। मोदी ने कहा कि अब भारत विकसित देश बनने की ओर बढ़ चला है। आने वाले पांच साल स्वर्णिम भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। यह एक बड़ा टर्निंग प्वाइंट है, जिसकी शुरुआत 4 जून से होने जा रही है। विकसित भारत के लिए विकसित बंगाल जरूरी है। इसके लिए हमें बंगाल में ज्यादा से ज्यादा बीजेपी के सांसद चाहिए। इसके लिए हमें जनता का आशीर्वाद चाहिए। मैं आपको गारंटी देता हूं कि विकसित बंगाल बनाने के लिए मैं पूरी ताकत लगा दूंगा।

बंगाल की जनता का BJP प्रेम TMC से बर्दाशत नहीं

उन्होंने कहा कि टीएमसी और इंडी अलायंस के लोग बंगाल को उल्टी दिशा में ले जा रहे हैं। टीएमसी बंगाल की जनता का बीजेपी के प्रति प्यार बर्दाश्त नहीं कर सकती। इसलिए वह पूरी तरह से बौखला गई है। बंगाल के प्रति नफरत से भरी टीएमसी के पास अब सिर्फ एक ही हथियार बचा है। मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों पर टीएमसी कहती है कि होने दो। उन्होंने कहा कि बंगाल का विकास रोकने वालों को सबक सिखाना होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि आपका एक वोट देश की राजनीतिक दिशा भी बदल देगा। 4 जून के बाद अगले 6 महीने में देश में बहुत बड़ी राजनीतिक भुचाल आएगा। ये परिवारवादी पार्टियां अपने आप बिखर जाएंगी। इनके कार्यकर्ता भी थक चुके हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)