तीर्थराज प्रयाग में श्रद्धालु लगा रहे आस्था की डुबकी, मुख्यमंत्री योगी ने दी शुभकामनाएं

75

प्रयागराजः मौनी अमावस्या का पर्व आज देशभर में मनाया जा रहा है। श्रद्धालु विभिन्न स्थानों में गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमा रहे हैं। तीर्थराज प्रयाग में चल रहे माघ मेले के तीसरे और सबसे बड़े स्नान मौनी अमावस्या के लिए संगम तट पर सुबह से ही श्रद्धालु डुबकी लगा रहे हैं। स्नान को लेकर संगम व गंगा किनारे आठ स्नान घाट बनाए गए हैं जो कुल 8000 फुट लंबे हैं। स्नान बाद श्रद्धालु पूजा-अर्चना से निवृत्त होकर मठों एवं विभिन्न संस्थाओं के भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए आने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सीसीटीवी से मेले के हर कोने पर नजर रखी जा रही है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रयागराज में मौनी अमावस्या पर संगम स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालुओं पर हेलीकाॅप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के अन्य नेताओं ने इस पर्व पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व मौनी अमावस्या की सभी श्रद्धालुओं व प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। व्रत एवं दान की महत्ता को प्रकट करता यह पावन पर्व सभी के लिए मंगलकारी हो। प्रभु श्रीराम की कृपा से समस्त प्राणियों के जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि का वास हो। उन्होंने कहा कि मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर पवित्र संगम में स्नान का पुण्य लाभ अर्जित कर रहे सभी श्रद्धालुओं की सकल मनोकामनाएं पूर्ण हों। धर्मनगरी प्रयागराज में सभी कल्पवासियों की साधना सुगमता से पूर्ण हो। मां गंगा से प्रार्थना है कि उनकी आध्यात्मिक अपेक्षाओं को पूर्णता प्रदान करें।

वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने ट्वीट किया कि मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर मां गंगा में पुण्य स्नान का लाभ ले रहे सभी श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण हो ऐसी अनुकम्पा मां गंगा से है। सभी कल्पवासियों की तपस्या पूर्ण हो व मनोवांछित लाभ मिले ऐसी प्रभु से प्रार्थना है।

यह भी पढ़ें-मौनी अमावस्या के दिन स्नान कर दान देने से बना रहता…

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि मौन क्रोध की सर्वोत्तम चिकित्सा है। समस्त देश व प्रदेशवासियों को लोक आस्था के महापर्व मौनी-अमावस्या की हार्दिक शुभकामनाएं। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने ट्वीट किया कि माघ माह के कृष्ण पक्ष में मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर सब प्रकार की बाधाओं, व्याधियों का निवारण करें तथा प्रत्येक प्रकार की सुख-सम्पत्ति की वृद्धि हो। समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेष यादव ने ट्वीट किया कि पवित्र संगम में देवताओं के निवास के शुभ दिन माघ मास की ‘मौनी अमावस्या’ पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आस्था की डुबकी आपकी समस्त समस्याओं और दुखों को हर लें यही कामना है।