Featured आस्था

घर में सुख-शांति बनाये रखने को रोजाना करें कपूर से आरती

नई दिल्लीः हिंदू मान्यताओं के अनुसार कोई भी पूजा या अनुष्ठान बिना आरती के संपन्न नही होता और आरती के लिए कपूर का इस्तेमाल अवश्य करना चाहिए। पूजा के समय आरती संपन्न होने के पश्चात कपूर की थाली को पूरे घर में घुमाया जाता है और घर के सभी कोनों में कपूर की रोशनी दिखायी जाती है। ऐसा माना जाता है कि कपूर की खुशबू और इसके प्रकाश से घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है। साथ ही नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव खत्म हो जाता है।

हिंदू धर्मशास्त्रों में यह कहा गया है कि कपूर की उपस्थिति से पूजा स्थल पवित्र हो जाता है। यदि आपके व्यवसाय में उन्नति नही हो रही है या फिर आप आजीविका के लिए रोजगार की तलाश कर रहे हैं, लेकिन आपको सफलता नही मिल रही है तो परेशान होने की आवश्यकता नही है। आप मां दुर्गा की पूजा कर उनकी सप्तशती का पाठ अवश्य करें और अंत में मां दुर्गा की लाल फूल के साथ कपूर को जलाकर आरती करें। इससे आपके काम के बीच आ रही सभी बाधाएं जरूर दूर हो जाएंगी और आपके घर में सुख-समृद्धि का भी वास हो जाएगा।

यह भी पढ़ें-  चेन्नई टेस्ट : इंग्लैंड की खराब शुरुआत, 39 रन पर खोए...

पितृदोष या राहु-केतु के बुरे प्रभाव से बचने के लिए रोजाना घर में मंदिर में कपूर जलाना चाहिए। इसके साथ ही कपूर के साथ लौंग डालकर आरती करने से भाग्योदय भी होता है। घर में वास्तुदोष को दूर करने के लिए कपूर का इस्तेमाल किया जाता है। घर में सभी जगह कपूर की गोलियां रखने से भी घर में नकारात्मक शक्तियां प्रवेश नही कर पाती हैं। इसके साथ यदि इसका वैज्ञानिक पहलू देखें तो इससे घर में कीड़े-मकोड़े भी नही आते हैं और यदि होते भी है तो इसकी खुशबू से मर जाते हैं। इसके अलावा कपूर की गोलियों को घर में रखने से इसके सकारात्मक प्रभाव के चलते सुख-शांति बनी रहती है और घर में कभी भी कलह नही होता है।