प्रदेश उत्तर प्रदेश

श्रावण मास के चौथे सोमवार पर शिव मंदिरों में उमड़ा जन सैलाब, भगवान के दर्शन को आतुर दिखे भक्त

bhagwan-shiv लखनऊः श्रावण मास के चौथे सोमवार को उत्तर प्रदेश के शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सभी शिवालयों में भी सुबह से ही बम-बम भोले..., हर-हर महादेव... के नारे गूंजायमान हो रहे हैं और भक्तों की भीड़ दर्शन-पूजन के लिए आतुर है। यह नजारा उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में देखने को मिल रहा है। वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, मिर्ज़ापुर, बहराईच, मेरठ, अलीगढ, मथुरा आदि सभी जिलों के शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब देखने को मिल रहा है। लखनऊ के प्रमुख शिव मंदिरों मनकामेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, कोनेश्वर महादेव गोमती तट, बुद्धेश्वर महादेव, बड़ा शिवाला रानी कटरा आदि मंदिरों में भोर के समय मुख्य पुजारियों ने भगवान शंकर की पूजा की और भक्तों के दर्शन के लिए पट खोल दिए। भक्तों ने दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक कर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की और मनोकामनाएं मांगी।

पुलिस प्रशासन ने किया सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

श्रावण मास की चौथी सोमवारी को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन की ओर से रविवार को ही शिव मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। सीसीटीवी कैमरे से भी आने जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए मंदिरों में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, स्थानीय खुफिया इकाई के जवान भी मंदिरों के आसपास की जगहों पर नजर रख रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस ने श्रावण मास में राज्य के सभी शिव मंदिरों और कांवरियों के लिए व्यापक व्यवस्था की है। भक्तों को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए मंदिरों में बैरिकेडिंग लगाई गई है और भक्तों को कतारबद्ध कर दर्शन कराए जा रहे हैं। ये भी पढ़ें..MP: अमित शाह ने इंदौर में किया चुनावी शंखनाद, कहा- 2024...

श्रावण मास में बना विशेष योग

पंडित दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि इस बार श्रावण मास में विशेष योग बना है। इसमें भगवान शंकर के शिवलिंग का दूध, शहद, दही, तिल, गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, कमल का फूल, चंदन आदि से पूजन करना व्यक्ति के जीवन में लाभकारी रहेगा। सावन के सभी सोमवार को पूरे विधि-विधान से पूजा करने से भक्त की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। जो लोग गंगा स्नान के बाद भगवान का जलाभिषेक या दुग्धाभिषेक करते हैं, भगवान उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)