देर रात तक चल रही थी रईसजादों की पार्टी, पुलिस ने दबिश देकर दर्ज किया केस

24

भोपालः शहर के एमपीनगर स्थित एक बार पर पुलिस ने शनिवार रात 12 बजे छापा मारा। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में लड़के-लड़कियां नशे में नाचते हुए मिले। पुलिस ने बार मैनेजर और मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने रात 12.15 बजे एपीनगर जोन-2 के पीचर्स बार पर छापा मारा। यहां पर शनिवार देर रात तक बार खोलकर कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन किया जा रहा था। पुलिस ने बार के मैनेजर और मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

एमपी नगर पुलिस ने बताया कि रात 12 बजे एमपी नगर जोन-2 के पीचर्स बार खुला होने की जानकारी मिली थी। यहां पर पुलिस की टीम पहुंची तो बार में शराब के नशे में लड़के-लड़कियां डीजे पर झूम रहे थे। अंदर सोशल डिस्टेसिंग का खुलेआम उल्लंघन हो रहा था। पुलिस के पहुंचने पर कई लोग चुपचाप भाग निकले। पुलिस ने बार में मौजूद लोगों की जानकारी लेकर उनको जाने दिया।

यह भी पढ़ेंः-विदेश मंत्रालय ने कहा-कंधार से भारतीय कर्मचारियों को बुलाने का मतलब वाणिज्य दूतावास बंद करना नहीं

पुलिस ने बार मैनेजर सुमित कुमार और मालिक राहुल दुबे के खिलाफ कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया। बार के मालिक और मैनेजर दोनों को नोटिस जारी किया गया है। बता दें कि कोरोना गाइडलाइन के अनुसार भोपाल में बार-क्लब और रेस्टोरेंट को रात 10 बजे तक ही खोलने की अनुमति है।