Paris Paralympics में हरविंदर सिंह ने लहराया परचम, तीरंदाजी में जीता ऐतिहासिक गोल्ड

47
harvinder-singh

Paris Paralympic 2024: पेरिस पैरालिंपिक में भारतीय एथलीटों का लगातार शानदार प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में तीरंदाज हरविंदर सिंह (Harvinder Singh) ने गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया है। इसी के साथ ही पेरिस पैरालिंपिक में भारतीय खिलाड़ी अब तक 22 पदक जीत चुके हैं।

टोक्यो 2020 के कांस्य पदक विजेता हरविंदर सिंह ने बुधवार को पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व ओपन में गोल्ड मेडल जीतकर एक बार फिर इतिहास रच दिया। पैरालंपिक खेलों में वह स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय तीरंदाज बन गए हैं। हरविंदर सिंह ने बुधवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में पोलैंड के लुकास सिसजेक को 6-0 से हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

फाइनल में हरविंदर सिंह का शानदार प्रदर्शन

इस उपलब्धि के साथ, हरविंदर पैरालिंपिक और ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले और एकमात्र भारतीय तीरंदाज बन गए। वह लगातार दो पैरालिंपिक में पदक जीतने वाले पहले और एकमात्र तीरंदाज भी हैं। फाइनल में हरविंदर ने शानदार प्रदर्शन किया। हरविंदर सिंह ने पहले सेट में एक 10 और दो 9 के साथ पहला सेट जीता। लुकास ने 9, 7 और 8 अंक बनाए। 2-0 से आगे चल रहे हरविंदर ने दूसरे सेट की शुरुआत लगातार दो नौ और फिर 10 से की, जबकि सिसजेक ने तीनों प्रयासों में 9 अंक बनाए।

हरियाणा के कैथल में एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले हरविंदर ने दो 10 और फिर एक नौ (29) अंक बनाकर स्वर्ण पदक पक्का किया, जबकि सिसजेक ने सात से शुरुआत की और फिर दो 9 अंक बनाए। इससे पहले हरविंदर ने बुधवार को सेमीफाइनल में ईरान के अरब अमेरी मोहम्मद रजा को हराया था।

ये भी पढ़ेंः- Paralympics में भारत का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन, पेरिस में ज्यादा मेडल जीतने का बनाया कीर्तिमान

भारत पदक तालिका में 15वें स्थान पर पहुंचा 

भारत ने अब तक पेरिस पैरालिंपिक में कुल 22 पदक जीते हैं, जिसमें चार स्वर्ण, आठ रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। हरविंदर के स्वर्ण के साथ भारत पदक तालिका में 15वें स्थान पर पहुंच गया है। इससे पहले बुधवार को सचिन खिलाड़ी ने देश के लिए रजत पदक जीता था।

पेरिस पैरालिंपिक में अब तक अवनी लेखरा, हरविंदर सिंह, सुमित और नितेश कुमार ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता है। जबकि सचिन सर्जेराव, योगेश कथुनिया, सुहास एलवाई, टी. मुरुगेसन और मनीष नरवाल ने भारत को रजत पदक दिलाया।

इसके अलावा मनीषा रामदास, मोना अग्रवाल, प्रीति पाल, नित्या श्री सुमन्थे सिवन, रुबीना फ्रांसिस और निशाश कुमार ने कांस्य पदक जीता है। खास बात यह है कि इस बार ज‍िन ख‍िलाड़‍ियों ने इस बार पदक जीते हैं उनमें 10 तो टोक्यो पैरालंप‍िक के पदकवीर भी रह चुके हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)