पाकिस्तान की युवती को राजस्थान के युवक से हुआ प्यार, वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए की शादी

43
pakistan-girl-fell-in-love-with-a-boy-from-churu-

चूरु: पाकिस्तान (Pakistan) की एक युवती को चूरू के युवक से प्यार हो गया। दोनों ने पहले वीडियो कॉन्फ्रेंस (Video Conference) के जरिए शादी की। फिर सऊदी अरब (Saudi Arab) के मक्का में निकाह कर लिया। दोनों ने शादी के बाद की रील सोशल मीडिया पर शेयर की। युवती 45 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई है। वाघा बॉर्डर पहुंचे उसके ससुराल वाले उसे शनिवार को घर ले आए। पाकिस्तान के लाहौर की रहने वाली मेहविश (33) ने चूरू के रतननगर के पीथीसर गांव के दो बच्चों के पिता रहमान (35) से निकाह किया।

मेहविश और रहमान की यह दूसरी शादी है। दोनों के पहले से ही दो-दो बच्चे हैं। मेहविश ने बताया- वह लाहौर की रहने वाली है। जब वह 2 साल की थी, तब उसकी मां का देहांत हो गया था। करीब 15 साल पहले उसके पिता जुल्फिकार की भी मौत हो गई थी। 12 साल पहले वह अपनी बहन साहिमा के पास इस्लामाबाद आई थी। उसने 2 महीने ब्यूटी पार्लर में काम सीखा। वह पिछले 10 साल से ब्यूटी पार्लर चला रही है। वर्ष 2006 में उसकी शादी बादामी बाग निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। उसके पहले पति से दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 12 वर्ष और 7 वर्ष है। वर्ष 2018 में उसका अपने पहले पति से तलाक हो गया था। उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है।

2020 में सोशल मीडिया पर रहमान से दोस्ती हुई

मेहविश ने बताया- जब वह अकेली रहती थी, तब सोशल मीडिया (आईएमओ) पर उसकी दोस्ती रहमान से हुई। दोनों मोबाइल पर बातें करने लगे और उनका प्यार परवान चढ़ने लगा। मेहविश ने अपनी बहन और बहनोई से बात की और 13 मार्च 2022 को रहमान को शादी के लिए प्रपोज कर दिया। प्रपोज करने के 3 दिन बाद 16 मार्च 2022 को मेहविश ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए रहमान से शादी कर ली। उस समय रहमान कुवैत में ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता था। वर्ष 2023 में मेहविश उमराह करने गई, जहां रहमान भी पहुंचा और मक्का में दोनों ने शादी कर ली।

दो बच्चों का पिता है रहमान, पत्नी से चल रहा है विवाद

रहमान की शादी वर्ष 2011 में भादरा की फरीदा से हुई थी। रहमान के दो बच्चे हैं। रहमान की पत्नी से अनबन चल रही थी। फिलहाल फरीदा भादरा में अपने मायके में रह रही है। शादी के बाद रहमान और महविश ने अपनी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की तो परिजनों को पता चला कि उसने दूसरी शादी कर ली है। दोनों ने इंस्टा पर शादी के बाद रील भी बनाई थी।

यह भी पढ़ेंः-Navi Mumbai: भरभराकर गिरी चार मंजिला इमारत, तीन लोगों की मौत , दो घायल

वाघा बॉर्डर पहुंचे ससुराल वाले

मेहविश ने बताया कि वह 25 जुलाई की शाम 7 बजे अपने परिवार के साथ इस्लामाबाद से निकली थी। परिजन उसे वाघा बॉर्डर पर छोड़कर चले गए। पाकिस्तान और भारतीय सेना ने उसके दस्तावेज चेक किए। महविश 45 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई है। बॉर्डर पर खड़े ससुराल वाले उसे निजी वाहन से गांव पीथीसर ले आए। ससुराल वाले महविश को रतन नगर थाने लेकर आए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)