Pakistan blast: बम धमाकों से दहला पाकिस्तान, अब तक 80 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

13

इस्लामाबादः ईद मिलाद-उन-नबी का त्योहार पाकिस्तान में दुखों का सैलाब लेकर आया है। बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में हुए चार धमाकों (Pakistan blast) में दो पुलिस अधिकारियों समेत 80 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। पाकिस्तान में ईद मिलाद-उन-नबी के दिन बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में दो मस्जिदों के पास हुए धमाकों और बलूचिस्तान के झोब में रॉकेट हमले में 80 लोगों की जान चली गई है। शुक्रवार को बलूचिस्तान के मस्तुंग में लोग ईद मिलाद उन-नबी का जुलूस निकाल रहे थे। इसी बीच अल-फलाह मस्जिद के पास जुलूस के बीच में एक आत्मघाती हमलावर घुसा और उनके साथ चल रहे पुलिस उपाधीक्षक नवाज गिश्कोरी की कार के पास बम विस्फोट कर दिया।

पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक सैकड़ों लोगों का एक जुलूस मदीना मस्जिद से निकला और जैसे ही वह अल फलाह मस्जिद के पास पहुंचा, उसे एक आत्मघाती हमलावर ने निशाना बनाया। धमाका इतना तेज था कि आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट होते ही भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और अफरा-तफरी में एक-दूसरे को कुचलने भी लगे। जुलूस की सुरक्षा में तैनात पुलिस उपाधीक्षक समेत 72 लोगों की मौत हो गई है।

ये भी पढ़ें..बंगाल में तालिबानी मानसिकता व संस्कृति वाली सरकार, भाजपा का TMC पर जोरदार हमला

धमाके के बाद दूर-दूर तक पड़ी थीं लाशें

इतना ही नहीं धमाका इतना जबरदस्त था कि 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। धमाके के बाद पहुंचे राहतकर्मियों ने भयावह मंजर देखा। दूर-दूर तक लाशें पड़ी हुई थीं। जहां कुछ देर पहले धार्मिक नारे सुनाई दे रहे थे, वहां घायलों की चीखें गूंज रही थीं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, जिनमें से कुछ की हालत बेहद गंभीर है, इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। आसपास के अस्पतालों में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई है। गंभीर रूप से घायलों को क्वेटा ले जाया जा रहा है।

बलूचिस्तान में तीन दिन के शोक का ऐलान

बलूचिस्तान में हुई एक अन्य घटना में चार पाकिस्तानी सैनिकों की जान चली गई। बलूचिस्तान के झोब में पाकिस्तानी सैनिकों को निशाना बनाकर रॉकेट हमला किया गया। इस रॉकेट हमले से जोरदार विस्फोट (Pakistan blast) हुआ और चार जवानों की जान चली गई। कुछ जवान घायल भी हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बलूचिस्तान के कार्यवाहक मुख्यमंत्री अली मर्दन डोमकी ने घटना की निंदा की और विस्फोट की जांच के आदेश दिए। उन्होंने तीन दिन के शोक की घोषणा करते हुए अधिकारियों को इस संबंध में जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। बलूचिस्तान के अलावा खैबर पख्तूनख्वा के हंगू जिले के दोआबा पुलिस स्टेशन परिसर में हुए दो धमाकों में एक पुलिस अधिकारी समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए।

एक पाकिस्तानी अधिकारी के मुताबिक, पहला विस्फोट पुलिस स्टेशन के प्रवेश द्वार पर हुआ, जिसके बाद मौके पर कई लोग जमा हो गए। कुछ मिनट बाद, पुलिस स्टेशन परिसर में स्थित एक मस्जिद के अंदर एक और विस्फोट हुआ, जिससे मस्जिद की छत गिर गई। उन्होंने बताया कि मलबे में करीब 30 से 40 लोगों के फंसे होने की खबर है। पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकर ने विस्फोटों की कड़ी निंदा की और कहा कि सरकार देश से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)