Uncategorized

यूपी विधानसभा में इस बार पहुंची 10 फीसदी ही महिलाएं

लखनऊः यूपी के चुनाव नतीजे आ चुके हैं। हर बार की तरह इस बार भी यूपी विधानसभा (UP assembly) में आधी आबादी का प्रतिनिधित्व जनसंख्या के तुलनात्मक कम ही रहेगा। इस बार विधानसभा में महिलाओं (women) की आवाज 10 फीसदी ही गूंजेंगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बाजी मारने वाली 403 विधायकों वाली विधानसभा में महज 10 फीसदी ही महिला उम्मीदवार जीत कर हासिल कर सकी हैं। 41 महिला उम्मीदवारों में 27 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सहयोगी दलों की हैं। 273 विधायकों वाली भाजपा प्लस में महज 9 फीसदी महिला विधायक हैं, जबकि मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर 13 महिलाएं विधानसभा पहुंचने में सफल रही हैं।

ये भी पढ़ें..भारतीय मिसाइल ट्रैक न कर पाने पर पाकिस्तानी वायुसेना के तीन अधिकारी बर्खास्त

सपा की 11.71 प्रतिशत महिला बनी विधायक

111 विधायकों वाली समाजवादी पार्टी में महिला विधायकों का प्रतिशत 11.71 है, वहीं ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा देने वाली कांग्रेस की एक उम्मीदवार को ही जीत मिली है। कांग्रेस ने इस बार करीब 40 फीसदी महिला (women) उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, लेकिन जीतने में केवल एक ही सफल हुईं। इस तरह कांग्रेस के दो विधायकों वाली पार्टी में 50 फीसदी महिला विधायक अपना प्रतिनिधित्व करेंगी। वर्ष 2017 मे 38 महिला विधायकों ने जीत हासिल की थी। इस बार विधानसभा चुनाव में 4,442 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें 560 (13 फीसदी) महिलाएं थी।

भाजपा की 33 प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत

दरअसल भाजपा समेत उनके सहयोगी दलों ने चार दर्जन से ज्यादा सीटें दी थीं और उनके 33 महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। सपा व उसके सहयोगी दलों ने चार दर्जन से थोड़ा कम सीटें महिलाओं को दी और उसकी 14 महिला प्रत्याशी विधायक बनी हैं। बसपा ने सबसे कम तीन दर्जन सीटें ही महिलाओं को दी थीं लेकिन उनकी कोई भी महिला प्रत्याशी नहीं जीती है।

इस बार सबसे आश्चर्यजनक जीत सिराथू से अपना दल कमेरावादी की पल्लवी पटेल की रही। उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को हराया है। वहीं मटेरा से सपा नेता यासर अली शाह की पत्नी मारिया अली शाह ने चुनाव जीता है। कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुई अदिति सिंह ने भी रायबरेली से जीत दर्ज की है। रामपुर खास ने कांग्रेस की एकमात्र महिला प्रत्याशी आराधना मिश्र मोना ने जीत दर्ज की है। बिधूना से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धनीराम वर्मा की बहु रेखा वर्मा ने सपा से जीत दर्ज की है उन्होंने भाजपा विधायक विनय शाक्य की पुत्री रिया शाक्य को हराया है। आगरा ग्रामीण से बेबी रानी मौर्या, बाह से रानी पक्षालिका सिंह ने जीत दर्ज की है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)