Featured दुनिया

रूसी हमले का एक माह पूरा, यूक्रेन का हर दूसरा बच्चा विस्थापित

कीवः यूक्रेन पर रूस के हमले का एक महीना पूरा हो गया है। इस युद्ध का सर्वाधिक खामियाजा यूक्रेन के बच्चों को भुगतना पड़ा है। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के आंकड़ों के मुताबिक युद्ध की चपेट में आकर यूक्रेन का हर दूसरा बच्चा विस्थापित हो गया है। हर चौथे बच्चे को देश छोड़कर जाना पड़ा है।

यूनिसेफ की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन में एक महीने से जारी युद्ध के कारण 43 लाख बच्चे विस्थापन का शिकार हुए हैं। देश में बच्चों की कुल आबादी 75 लाख है, जिसमें से आधे से अधिक बच्चे विस्थापन को मजबूर किये गए हैं। इस तरह यूक्रेन का हर दूसरा बच्चा विस्थापित हो गया है। इनमें से 18 लाख बच्चों ने शरणार्थियों के तौर पर यूक्रेन के पड़ोसी देशों में शरण ली है। इस तरह हर चौथा बच्चा देश छोड़ कर जाने को विवश हो गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल 25 लाख बच्चे घरेलू विस्थापित हैं, यानी हर तीसरा बच्चा देश के भीतर ही विस्थापन का दंश झेलने को विवश है।

ये भी पढ़ें..अखिलेश यादव बने नेता प्रतिपक्ष, सपा विधायक दल की बैठक में...

यूनिसेफ की कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसेल ने कहा कि इस युद्ध की वजह से दूसरे विश्व युद्ध के बाद से अब तक बच्चों के लिए सर्वाधिक विस्थापन का संकट सामने आया है। संयुक्त राष्ट्र संघ मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय के अनुसार 24 फरवरी को शुरू हुए युद्ध के बाद से अब तक यूक्रेन में 78 बच्चों की मौत हुई है और 105 बच्चे घायल हुए हैं। माना जा रहा है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक होने की आशंका है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)