अमेरिका में ढाई करोड़ के पार पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या

0
43

वाशिंगटनः विश्व में कोरोना के खिलाफ लड़ाई जारी है। इसके बाद भी इससे संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। अमेरिका में संक्रमित मरीजों की संख्या ढाई करोड़ (25,659,928) के पार पहुंच गई है। वहीं ब्रिटेन में कोरोना से मरने वालों की संख्या एक लाख के करीब पहुंच गई है जबकि रूस में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 3,719,400 और मरने वालों की संख्या 69,462 हो गई है।

जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के मुताबिक अमेरिका में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 25,659,928 हो गया है जबकि अब तक 428,770 लोगों की मौत हुई है। एक समाचार एजेंसी ने बताया है कि न्यूयॉर्क में कोरोना संक्रमण से सर्वाधिक मौतें हुई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक न्यूयॉर्क में 42,134 और कैलिफोर्निया में 36,861 लोगों की मौत हुई है जबकि कोरोना ने टेक्सास में 47,725 और फ्लोरिडा में 25,164 लोगों की जान ली है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बीते शुक्रवार को कहा था कि महामारी से छह लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो सकती है। उन्होंने कहा था कि अमेरिका में कोरोना 400,000 लोगों की जान ले चुका है लेकिन मौतों का आंकड़ा छह लाख को पार कर सकता है।

यह भी पढ़ें-9वें दौर की सैन्य वार्ता में भारत ने साफ कहा-सीमा पर…

ब्रिटेन में टीकाकरण अभियान जोर शोर से चलाया जा रहा है। फिर भी मौतों पर लगाम नहीं लग पा रही है। ब्रिटेन में 60 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है लेकिन मौतों का आंकड़ा एक लाख के पास पहुंच गया है। ब्रिटेन में अब तक 97,939 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं रूस में बीते 24 घंटे में कोरोना के 21,127 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ कर 3,719,400 तक पहुंच गया है। रूस में संक्रमण की दर 0.57 फीसदी है। रूस में बीते 24 घंटे में 491 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है जिसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 69,462 हो गया है। ब्राजील में बीते 24 घंटों के दौरान 1,202 लोगों की मौत हुई जिसके साथ मृतकों का आंकड़ा बढ़कर दो लाख 16 हजार से ज्यादा हो गया है। एक दिन में ब्राजील में 62 हजार 334 नए मामले पाए गए जिसके साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा 88 लाख से ज्यादा हो गया है। फ्रांस में 23 हजार 924 नए मामले सामने आए हैं जिसके साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा 30 लाख 35 हजार को पार कर गया है। फ्रांस में अब तक 72 हजार 877 लोगों की महामारी से मौत हुई है।

दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा
पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 99,634,978 हो गया है जबकि अब तक 2,135,664 इस महामारी से मारे गए हैं। भारत में बीते 24 घंटों के दौरान कुल 14,849 नए केस मिले हैं जबकि 155 लोगों की मौत हुई है। भारत में संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ छह लाख 54 हजार से अधिक हो गया है। भारत में महामारी ने अब तक 1,53,339 लोगों की जान ली है।