योगी सरकार की बड़ी पहल, अब मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं को नहीं होगी इस बात की परेशानी

0
10

 

लखनऊ: कृष्ण की नगरी मथुरा के नंदगांव में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटक सुविधा केंद्र बनाया जाएगा। इस पर्यटन केंद्र के अस्तित्व में आने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आवास की सुविधा मिलेगी। खासकर वे पर्यटक/श्रद्धालु जो महंगे होटल का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं हैं। इस पर्यटक सुविधा केंद्र में पार्किंग व्यवस्था के अलावा फूड कोर्ट, रेस्ट रूम एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।

देश-विदेश से आते हैं भक्त

उन्होंने बताया कि मथुरा में वृन्दावन, गोकुल, महावन, बल्देव, बरसाना, नंदगांव और गोवर्धन जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मौजूद हैं। यहां साल भर बड़ी संख्या में देशी-विदेशी श्रद्धालु आते हैं। जिले की तीर्थ नगरी नंदगांव धर्म और आस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान रखती है। यहां से बरसाना केवल आठ किलोमीटर दूर है और कोकिला वन तीन किलोमीटर दूर है, जहां भक्त हमेशा आते रहते हैं।

पार्किंग की विशेष व्यवस्था

पर्यटन मंत्री ने कहा कि इस केंद्र में न्यूनतम लागत पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी। इसकी पार्किंग में 31 बसें और 245 कारें खड़ी की जा सकती हैं। श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार इसका उपयोग कर सकते हैं। ग्राउंड फ्लोर पर दो वीआईपी रेस्ट रूम और फर्स्ट फ्लोर पर 9 रेस्ट रूम की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा 86 बेड की छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वृन्दावन में श्रद्धालुओं को पहले से ही ऐसी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।

बनेगा पर्यटक सुवधा केंद्र

जयवीर सिंह ने कहा कि वृन्दावन में पर्यटक सुविधा केन्द्र का निर्माण कराया जा चुका है। यहां कई छात्रावास, खुली रसोई और कई अन्य सुविधाएं प्रदान की गई हैं। यहां पार्किंग की भी बड़ी व्यवस्था की गई है। इसी तर्ज पर नंदगांव में भी लोगों को कम कीमत पर अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उनकी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में नंदगांव में पर्यटक सुविधा केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या की तरह मथुरा को भी विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में रोजगार एवं आय की असीमित संभावनाओं को देखते हुए राज्य सरकार पर्यटन सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दे रही है। राज्य सरकार द्वारा राज्य के 75 जिलों में कम से कम एक या एक से अधिक पर्यटन स्थलों को कनेक्टिविटी एवं बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष फोकस पर्यटन क्षेत्र पर है। इस क्षेत्र से छोटे व्यापारियों और सेवा प्रदाता व्यवसायियों का हित जुड़ा हुआ है।

यह भी पढ़ेंः-MP Elections 2023 : एमपी में 12 अक्टूबर चुनावी हुंकार भरेंगी प्रियंका गांधी

जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए पर्यटन नीति-2022 जारी की गई है, जिसके तहत पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को आकर्षक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। पर्यटन विभाग का प्रयास है कि देश की धरती पर कदम रखने वाला हर पर्यटक कहीं और न जाकर सबसे पहले उत्तर प्रदेश आए। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में पर्यटन क्षेत्र का देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए राज्य सरकार ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए बड़ी संख्या में निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आ रहे हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)