Featured दिल्ली राजनीति

BJP Meeting: भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक शुरु, मिशन 2024 की तैयारियों पर रहेगा जोर

नई दिल्लीः भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ ही पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महासचिव भी मौजूद हैं। भाजपा मुख्यालय में चल रही इस बैठक के दोपहर दो बजे तक चलने की संभावना है। इसी बैठक में आज से ही शुरू होने जा रही भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के एजेंडे पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।

ये भी पढ़ें..Nepal Plane Crash: नेपाल विमान हादसे में यूपी के 5 युवकों की गई जान, अब तक 68 शव बरामद

बता दें कि भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक की औपचारिक शुरुआत सोमवार को शाम चार बजे नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी और जेपी नड्डा की अध्यक्षता में होगी। दो दिनों तक चलने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मोदी सरकार के सभी मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, संगठन महामंत्री/संगठन मंत्री, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उप-मुख्यमंत्री, विभिन्न राज्यों के नेता प्रतिपक्ष सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो करते हुए भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आरंभ होने से पहले एनडीएमसी सेंटर में दोपहर बाद तीन बजे नड्डा एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी। इसमें कई प्रस्ताव भी पारित किये जायेंगे और पार्टी की आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा होगी। भाजपा की इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का समापन 17 जनवरी, मंगलवार को होना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)