देश में सबसे ठंडा रहा मध्य प्रदेश का नौगांव, माइनस एक डिग्री पहुंचा पारा

0
21

भोपालः मध्यप्रदेश में बीते एक सप्ताह से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। आलम यह है कि मैदानी इलाकों में प्रदेश के छतरपुर जिले का नौगांव देश में सबसे ठंडा रहा। यहां रात का न्यूनतम पारा माइनस एक डिग्री तक पहुंच गया है। दूसरे नंबर पर राजस्थान का चूरू है, यहां न्यूनतम तापमान – 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मप्र के ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल अंचल शीत लहर की चपेट में है। यहां इस जगह न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। ठंड के साथ ही पाले की मार शुरू हो गई है।

मौसम विभाग की मानें तो वातावरण में नमी कम होने से भले ही कोहरे से कुछ राहत मिल गई है, लेकिन बर्फीली हवाओं ने मध्यप्रदेश में ठिठुरन और बढ़ा दी है। धूप निकल तो रही है, लेकिन तपन गायब है। रविवार को देश के सबसे ठंडे शहरों में नौगांव पहले नंबर पर रहा। नौगांव में पारा माइनस एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबलपुर एवं बालाघाट में तीव्र शीतलहर रही। भोपाल, बैतूल, दतिया, छतरपुर, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, ग्वालियर एवं उमरिया में शीतलहर चली। राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। हालांकि रविवार को अधिकतर शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं। इसके बाद ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

भोपाल मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को न्यूनतम तापमान भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग के जिलों में काफी गिरे एवं शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान सागर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में विशेष रूप से कम, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में सामान्य से काफी कम रहे। उज्जैन संभाग में सामान्य से कम एवं शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे। देश के सबसे ठंडे नौ शहरों में मध्य प्रदेश के तीन शहर शामिल रहे।

वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में पाकिस्तान और उसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली के कमजोर रहने से हवा के रुख में बदलाव नहीं हो रहा है। जिसके चलते उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठिठुरन बनी हुई है। वातावरण में नमी कम होने के कारण घने कोहरे से तो कुछ राहत मिल गई है, लेकिन तापमान में और गिरावट होने लगी है। शुक्ला ने बताया कि अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं। 10 जनवरी को एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी के उत्तर भारत में प्रवेश करने वाला है। उसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलने से तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने लगेगी। इससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

देश के सबसे ठंडे 10 शहर

मध्य प्रदेश के नौगांव में माइनस एक डिग्री, राजस्थान के चुरू में माइनस 0.5, राजस्थान के पिलानी में 1.2 डिग्री, हरियाणा के हिसार में 1.4, मध्यप्रदेश के उमरिया में 1.5, राजस्थान के धौलपुर में 1.5, नई दिल्ली के उजवा में 1.6, नई दिल्ली के सफदरगंज में 1.9 और मध्य प्रदेश के मलाजखंड में 2.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।