पीएम मोदी पर बिलावल के बयान के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन, इन राज्यों में हुई जोरदार विरोध

32

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को देशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भुट्टो का पुतला फूंक कर अपने रोष का इजहार किया। महाराष्ट्र में भुट्टो का पुतला जलाते समय सांसद प्रताप पाटिल चिखलीकर का हाथ झुलस गया।

उत्तर प्रदेश

लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज हजरतगंज में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय से अटल चौक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करते हुए बिलावल भुट्टो जरदारी का पुतला फूंका। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि बिलावट भुट्टो का बयान निन्दनीय है। भुट्टो अपने बयान पर माफी मांगें। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा की सोच पाकिस्तानी है। भाजपा सरकार सबके लिए काम करती है। प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, पूर्व मंत्री मोहसिन रजा, एमएलसी मुकेश शर्मा, भाजपा महानगर महामंत्री सुनील यादव, त्रिलोक सिंह अधिकारी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

बिहार

भाजपा के प्रमुख नेताओं ने शनिवार को पटना में पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय से आयकर गोलम्बर तक प्रदर्शन में भाग लेने के बाद प्रेस मीडिया एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी किये जाने से देश की जनता के साथ बिहार के पार्टी कार्यकर्ता एवं आमजनों में काफी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने अपने काम एवं विचारों से पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। पड़ोसी देश को भारत की तरक्की देखी नहीं जा रहा है। ईर्ष्यावश की गई इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी को भारत की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी ।

बिहार विधान परिषद में प्रतिपक्ष के नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि बिलावल भुट्टो के ओछे बयान से द्वेष की बू आ रही है। अमर्यादित एवं अशोभनीय बयान बिलावल भुट्टो के कुत्सित मानसिकता का परिचायक है। भारत की जनता अपने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ दिये गये इस बयान की घोर निंदा करती है। पाकिस्तान कंगाल होने की स्थिति में है, उसकी चिंता न करके भारत के प्रधानमंत्री पर छींटाकशी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विश्व पटल पर नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता एवं सर्व स्वीकार्यता पड़ोस के लोगों को पच नहीं रहा है।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि बिलावल भुट्टो का बयान हताशा में दिया गया है। पाकिस्तान को भारत पर बोलने से पहले अपने गिरेबान में झांक लेनी चाहिए। देश की स्थिति खस्ताहाल है और भारत पर टिप्पणी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पाकिस्तान को सीख लेनी होगी।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधान पार्षद देवेश कुमार, प्रदेश महामंत्री डॉ संजीव चौरसिया, सुशील चौधरी ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री का अपमान देशवासी नहीं सहेंगे। बिलावल भुट्टो पाकिस्तान की कमियों को ढकने के लिए इस प्रकार के बयान देकर सुर्खियों में आना चाह रहे हैं।

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि बिलावल भुट्टो ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए भारत के प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है। भारत ही नहीं पूरे विश्व के लोगों में भारी क्षोभ है। वरिष्ठ भाजपा नेता व विधान पार्षद नवलकिशोर यादव ने कहा कि बिलावल भुट्टो ने जिस प्रकार का बयान दिया है, उससे स्पष्ट होता है कि पाकिस्तान की स्थिति बहुत ही खराब है। भारत के प्रधानमंत्री का पूरी दुनिया ने लोहा माना है।

झारखंड

शनिवार को भाजपा ने प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। रांची में महानगर भाजपा युवा मोर्चा ने कचहरी चौक पर प्रदर्शन किया और बिलावल भुट्टो का पुतला फूंका। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि पार्टी बिलावल भुट्टो के बयान की कड़ी भर्त्सना करती है। पाकिस्तान मोदी की लोकप्रियता और नए भारत की उपलब्धियों से डरा हुआ है। भारत द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान को उसकी सच्चाई दिखाने से पाक बौखलाया हुआ है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान के बाद बिलावल भुट्टो का यह पागलपन भरा बयान आना लाजमी था। जिस प्रकार जयशंकर ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर सबके सामने बेनकाब किया ऐसे में भुट्टो का दिमागी संतुलन बिगड़ चुका है।

पश्चिम बंगाल

कोलकाता में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा मुख्यालय से थोड़ी ही दूरी पर धर्मतल्ला में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और बिलावल भुट्टो के खिलाफ नारेबाजी की। उनके हाथों में बैनर पोस्टर था जिस पर भुट्टो के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। हालांकि बिलावल भुट्टो का पुतला नहीं फूंका गया। पार्टी के इस कार्यक्रम को पुलिस ने भी सुरक्षा दी थी। इस विरोध प्रदर्शन के लिए कुछ देर तक ट्रैफिक को रोक दिया गया था। करीब आधे घंटे तक विरोध प्रदर्शन हुए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिलावल भुट्टो के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जम्मू-कश्मीर

उधमपुर में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अंकुश शर्मा की अगुवाई में इंदिरा चौक पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो का पुतला फूंका और प्रदर्शन किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला सचिव राहुल गुप्ता, सुशांत गुप्ता, विवेक गुप्ता तथा कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने जो हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अपमान किया, है उसे हम सह नहीं सकते। उन्हें अपनी मर्यादा में रहना चाहिए था। हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं तथा मांग करते हैं कि बिलावल भुट्टो इसके लिए माफी मांगे।

गुजरात

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह प्ले कार्ड के साथ प्रदर्शन किया। सूरत, अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा शहर की ईकाई की ओर से भाजपा ने प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंप कर नाराजगी जताई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। पाटिल ने कहा कि पाक विदेश मंत्री के बयान पर देश भर में लोगों में रोष पनप रहा है। पाक की आर्थिक स्थिति डावांडोल हो चुकी है और भिखारी से भी ज्यादा वहां की हालत खराब हैं। उन्होंने कहा कि आज पाकिस्तान में उन्हें अपने विदेश मंत्रालय की बिल्डिंग समेत कई विरासतों को बेचकर निर्वाह करने के हालात पैदा हो गए हैं। पाटिल ने कहा कि यह स्थिति बता रही है कि पाक की हालत दिन प्रतिदिन खराब होते जा रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पाकिस्तान आतंकियों को पनाह देने के साथ प्रोत्साहित कर रहा है। इसकी वजह से भारत के विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर ने भी साफ कर दिया है कि पाकिस्तान अपने घर में सांप पाल रहा है तो यह सबसे पहले उसे ही डंसेगा। इससे पाकिस्तान की निर्दोष जनता का भी शिकार होना तय है। उन्होंने कहा कि बिलावल भुट्टो के परिवार की करतूत देश और दुनिया अच्छी तरह से समझ रही है। पाकिस्तान अपने घर की स्थिति संभाले, पाक की नापाक हरकत से पूरा विश्व परिचित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्प्णी देश और गुजरात की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

महाराष्ट्र

कई जिलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुणे, नांदेड़, नंदुरबार, नासिक, कोल्हापुर, सोलापुर, अमरावती में शनिवार को सुबह से विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। नांदेड़ जिले के वजीराबाद चौक में भाजपा की ओर से बिलावल भुट्टो का जोरदार विरोध करके उनका पुतला फूंका गया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सांसद प्रताप पाटिल चिखलीकर ने किया। भुट्टो का पुतला जलाते समय सांसद प्रताप पाटिल चिखलीकर का हाथ झुलस गया। मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तत्काल प्रताप पाटिल चिखलकर को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

हरियाणा

कैथल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिलावल भुट्टो का पुतला फूंका और प्रदर्शन किया। भाजपा जिला कार्यालय में पुतला दहन व प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा जिला महामंत्री सुरेश संधू ने की।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)