प्रदेश मध्य प्रदेश राजनीति

गृह मंत्री ने यासीन मलिक के बहाने राहुल पर साधा निशाना, बोले- विदेश में छुट्टियां…

भोपालः मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने यासीन मलिक को कांग्रेस पोषित आतंकवादी बताया है। गृहमंत्री ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है और उन्हें भारत जोड़ो यात्रा की जगह कांग्रेस जोड़ो यात्रा निकालने की सलाह दी है।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यासीन मलिक के बहाने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यासिन मलिक मामले पर कहा कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी, दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के नेताओं की तरफ से यासीन मलिक के बारे में कोई ट्वीट आया क्या? यह सिद्ध करता है कि यासीन मलिक कांग्रेस का पोषित आतंकवादी था। कोर्ट ने उसे आतंकवादी सिद्ध किया है। यह साबित हो गया है कि कांग्रेस देश तोड़ने वालों के पीछे हैं।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

वहीं गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने टूटती और बिखरती कांग्रेस को बचाने के लिए राहुल गांधी को 'भारत जोड़ो यात्रा' की जगह 'कांग्रेस जोड़ो यात्रा' निकालने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि "रोम जल रहा था और नीरो बॉंसुरी बजा रहा था" ये कहावत कांग्रेस नेता राहुल बाबा पर एकदम सटीक बैठती है। कांग्रेस में एक के बाद एक बड़े नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं और राहुल गांधी विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक हफ्ते के अंदर सुनील जाखड़, हार्दिक पटेल और कपिल सिब्बल कांग्रेस छोड़ चुके हैं। राहुल विदेश में मौज कर रहे हैं, इधर उनकी फौज में भगदड़ मची हुई है। कांग्रेस का काम हो गया है। अब राहुल गांधी भारत जोड़ो अभियान नहीं कांग्रेस जोड़ो अभियान चलाये।

कमलनाथ पर कसा तंज

कमलनाथ पर तंज कसते हुए गृहमंत्री मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ विलास्ता छोड़ने की बात कह रहे हैं। जो कभी गाड़ी से नीचे नहीं उतरते, उम्र का तकाजा है। वह जा भी नहीं सकते, कमलनाथ ने कभी सही कहा हो तो बताएं, द्वेष पूर्ण आलोचना करते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)