Nagpur: संघ के विजयादशमी उत्सव में मुख्य अतिथि होंगे शंकर महादेवन

0
23

नागपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नागपुर में आयोजित विजयादशमी उत्सव में प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन (Shankar Mahadevan) को इस वर्ष मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम नागपुर के रेशिमबाग परिसर में 24 अक्टूबर को आयोजित किया गया है। संघ के प्रचार विभाग ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में वर्ष प्रतिपदा, शिव राज्याभिषेक दिवस, रक्षाबंधन, गुरु पूर्णिमा, विजयादशमी और मकर संक्रांति ऐसे 6 प्रमुख त्योहार मनाए जाते हैं। इन उत्सवों के आयोजन के पीछे संघ का अपना दर्शन है। इन पर्वों में विजयादशमी समारोह का विशेष महत्व है।

ये भी पढ़ें..एआर रहमान ने सर्जन एसोसिएशन को भेजा कानूनी नोटिस, लगाया मानहानि का आरोप

विजयादशमी के दिन हुई थी संघ की स्थापना

संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने 27 सितंबर 1925 को विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना की थी। इसलिए, विजयादशमी के दिन संघ का स्थापना दिवस भी होता है। इस दिन सरसंघचालक स्वयंसेवकों को पाथेय देते हैं। साथ ही इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तियों को संघ के मंच पर अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाता है। पिछले वर्ष विजयादशमी उत्सव में पर्वतारोही पद्मश्री संतोष यादव को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था। वहीं, इस वर्ष 24 अक्टूबर को नागपुर के रेशिमबाग मैदान में आयोजित विजयादशमी कार्यक्रम में शंकर महादेवन (Shankar Mahadevan) को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)