देश Featured क्राइम

Palamu: दुकान बंद कर घर जा रहे किशोर का मिला शव, परिजनों ने कोयल पुल पर लगाया जाम

पलामू (Palamu): जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा से किराना दुकान बंद कर घर जा रहे किशोर का शव पुलिस ने गुरुवार को बरामद किया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव के साथ चैनपुर-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग शाहपुर स्थित कोयल पुल को आधे घंटे तक जाम कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। मृत किशोर की पहचान मंतजीर आलम (16) के रूप में की गयी है। मृतक के पिता ने बताया कि बुधवार की रात आठ बजे मंत्जीर गरदा से किराना सह जूता दुकान बंद कर घर लौट रहा था। कुछ देर होने पर उसने फोन किया तो उसने बताया कि वह 10 मिनट में घर आ जाएगा। लेकिन, 15-20 मिनट तक घर नहीं पहुंचा। दोबारा फोन किया तो फोन नहीं उठा। शक होने पर उसकी तलाश की गई। रात 11 बजे तक कोई पता नहीं चला। थाने पहुंच कर पुलिस को सूचना दी ही जा रही थी कि अचानक सूचना मिली कि मंताजिर का शव मिला है। ये भी पढ़ें..Jharkhand: झारखंड में हिंसा फैलाने के लिए हथियार खरीद रहा था उग्रवादी भीखन गंझू

कई लोग हिरासत में

पिता का आरोप है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई और शव सड़क से 300 मीटर दूर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया। 10 से 15 मिनट के अंदर घटना को अंजाम दिया गया। बताया कि रात में ही पुलिस को हत्यारोपित के बारे में सूचना दे दी गयी थी। कोयल पुल पर जाम की सूचना मिलते ही चैनपुर और मेदिनीनगर शहर की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने परिजनों को बताया कि संदेह के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। डीएसपी मणि भूषण प्रसाद ने बताया कि हत्या का कारण स्पष्ट किया जा रहा है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)