Munger News: बिहार के मुंगेर में होली के दिन जमकर बवाल हुआ। होली गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई। जिसमें एक किशोर की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। यह घटना जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर मिल्की गांव की है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
Munger News: जानिए क्या है पूरा मामला
मृतक के परिजनों के मुताबिक, गांव के ही गोलू कुमार और भोला कुमार अपने घर के पास होली के गाने बजा रहे थे। तभी पड़ोस में रहने वाले मंटू यादव, फूको यादव, अनिल यादव, प्रशांत यादव, नवोद यादव और मिल्की के तीन-चार अन्य सदस्य आए और उन्हें गाना बंद करने को कहा। जब उन लोगों ने गाना बंद नहीं किया तो वे उलझ गए और फायरिंग शुरू कर दी।
ये भी पढ़ेंः- Bihar ASI Murder: मुंगेर में होली पर हंगामा कर रहे युवकों ने की ASI की हत्या
Munger News: घायल किशोर की हालत गंभीर
इस दौरान दो लोगों को गोली लग गई। भोला कुमार (उम्र करीब 16 साल) और गोलू कुमार (उम्र करीब 18 साल) को गोली लगी है। दोनों शंकरपुर के रहने वाले हैं। भोला कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गोलू को कमर में गोली लगी है। पीड़ित ने बताया कि घायल गोलू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि गोली कमर में लगी है। मरीज की हालत गंभीर है। इसके अलावा, एक लड़की के सिर में भी चोट आई, लेकिन उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया।
मामले की जांच कर रही पुलिस
इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग डर के साए में जी रहे हैं और इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।