Mumbai Rain: भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव, पश्चिम रेलवे यातायात बाधित

67
mumbai-rain

Mumbai Rain: मुंबई में बीते कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश हो रही है जिसकी वजह से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। जलभराव के कारण लोगों को आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दें, बारिश की वजह से पश्चिम रेलवे की सेवा भी बाधित हो गई है।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी 

भारी बारिश के चलते मौसम विभाग ने शहर और शहर के आसपास के इलाकों में जोरदार बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही मुंबई नगर और आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और जरूरत होने पर ही घर से निकलने की अपील की है।

मुंबई में रविवार की सुबह से ही कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है। इसके साथ ही उपनगरों में सुबह 5 बजे तक 131.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि मुंबई शहर में 77.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। बता दें, प्रभादेवी और दादर के बीच एक पेड़ गिरने से पश्चिम रेलवे की सेवा बाधित हो गई। वहीं बोरीवली की तरफ जाने वाली धीमी रेलवे ट्रैक पर एक पिंपल का पेड़ गिर गया था। इस घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू किया।

Mumbai Rain: मुंबई में येलो अलर्ट जारी 

मौसम विभाग ने भारी बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। बता दें, अगले 48 घंटों तक मुंबई में तेज बारिश की उम्मीद है। वहीं कोंकण के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है, रायगढ़ में बहुत भारी से भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने महाराष्ट्र को दी करोड़ों की सौगात, कही ये बात 

बता दें, मौसम विभाग के अनुसार दहिसर में 171 मिमी, मुंबई एयरपोर्ट पर 112 मिमी, राम मंदिर क्षेत्र में 151 मिमी, टाटा पावर में 51 मिमी, विक्रोली में 131.5 मिमी, भायखला में 65.5 मिमी, महालक्ष्मी में 27.5 मिमी, माटुंगा में 71.5 मिमी, सायन में 81. 2 मिमी बारिश आज सुबह तक दर्ज की गई है। तो वहीं ठाणे में कुछ जगहों पर 100 मिमी से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)