सांसद प्रज्ञा ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, स्टेट प्लेन से भेजा गया मुंबई

79

भोपालः भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की तबीयत शनिवार को अचानक खराब हो गई। इसके बाद उन्हें स्टेट प्लेन से मुंबई भेजा गया है। वहां उन्हें कोकिला बेन अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। साध्वी प्रज्ञा के स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

दरअसल, शनिवार दोपहर तीन बजे सांसद साध्वी प्रज्ञा को दिशा समिति की जिला पंचायत कार्यालय में रखी गई बैठक भी शामिल होना था। लेकिन उससे पहले ही उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें तत्काल स्टेट प्लेन के जरिए मुंबई ले जाया गया। बताया जा रहा है कि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का शुक्रवार को अचानक ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया था, जो कि कम ही नहीं हो रहा है। शनिवार को परेशानी ज्यादा बढ़ने पर उन्हें इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया। बता दें कि बीते महीने साध्वी प्रज्ञा को सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी। इस वजह से उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उन्हें 19 फरवरी और दिसंबर में भी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया था।

यह भी पढ़ेंः-शहर को साफ और रोशनी के लिए लाखों की टैक्स वसूली, फिर भी अंधेरा और गंदगी बरकरार

सीएम ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के स्वास्थ्य की जानकारी लगने पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सीएम शिवराज ने ट्वीट कर कहा ‘भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर जी के अस्वस्थ होने की सूचना मिली है। मैं ईश्वर से उनके पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूँ।