International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मध्य प्रदेश में 75 जगहों पर होगा विशेष आयोजन

58

भोपालः मध्य प्रदेश में 21 जून 2022 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (Yoga Day) के अवसर पर व्यापक स्तर पर आयोजन किए जाएंगे। इस संबंध में आयुष विभाग ने विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। विभाग के प्रमुख सचिव प्रतीक हजेला ने सभी जिला कलेक्टरों को दिशा-निर्देश जारी कर कहा है कि जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय सामूहिक योग किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का प्रसारण भी किया जाएगा।

ये भी पढ़ें..सेना भर्ती के नियम में बदलाव के खिलाफ बिहार में बवाल, सड़कों पर उतरे छात्र

राज्य स्तर से जारी कार्यक्रम अनुसार 21 जून को योग दिवस (Yoga Day) के कार्यक्रम में प्रात: 6:20 बजे सहभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रात: 6:30 से 6:40 बजे तक मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण होगा। इसके तत्काल बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का प्रसारण प्रात: 7 बजे तक होगा। प्रात: 7 बजे से सामान्य योग अभ्यास किया जाएगा।

75 जगहों पर होगा विशेष आयोजन

प्रदेश के स्कूलों एवं महाविद्यालय में योग दिवस के आयोजन के संबंध में स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्देश जारी किये गए हैं। साथ ही प्रदेश के सभी जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर योग के सामूहिक कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्देश जारी किये गये हैं। आजादी के अमृत उत्सव में प्रदेश के 75 स्थानों पर विशेष आयोजन किये जाएंगे। इनमें पुरातत्वीय एवं पर्यटन की दृष्टि से अपना विशेष स्थान रखने वाले स्थलों को चिन्हित किया गया है।

योग का व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक जीवन पर प्रभाव

योग भावना के भंवरों का प्रतिकार है। इसमें जीवन का हर पहलू शामिल है। यह सदभाव बनाने के लिये दुनिया के साथ जुड़ाव को बढ़ावा देता है। यह शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ाता है और मानसिक शांति लाता है। इस प्रकार हमारी आंतरिक प्रकृति के साथ योग तालमेल बिठाने में मदद करता है। महर्षि पतंजलि ने योग को मन के संशोधनों के दमन के रूप में परिभाषित किया है। योग व्यक्ति के मन, ऊर्जा और भावनात्मक स्तरों पर काम करता है। इस प्रकार योग मनुष्य के शारीरिक और मानसिक कल्याण को बढ़ावा देता है। इसी वजह से दुनिया में 21 जून 2015 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत हुई। इस साल आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)