मध्य प्रदेश Featured टॉप न्यूज़ राजनीति

दिग्विजय सिंह का बड़ा आरोप, कहा- गरीब मुसलमान लड़कों को पैसे देकर पत्थर फिंकवाती है भाजपा

भोपालः मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने कुछ शिकायतों का हवाला देते हुए भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भाजपा गरीब मुसलमान बच्चों को पैसे देकर पत्थरबाजी कराती है। दिग्विजय सिंह ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा, "भाजपा के लोग कुछ गरीब मुसलमान लड़कों को पैसा देकर खुद ही पत्थर फिंकवाते हैं, ऐसी शिकायतें मेरे पास आ रही हैं, जिसकी मैं जांच करवा रहा हूं।"

ये भी पढ़ें..IPL 2022 : अश्विन-कुलदीप के आगे बेबस दिखे RCB के बल्लेबाज, RR ने लगाया जीत का छक्का

दिग्वविजय सिंह (Digvijay Singh) ने कहा, "मेरे पास ऐसी शिकायतें आ रही हैं, जिनकी मैंने अभी जांच नहीं की है, लेकिन बताया जा रहा है कि कुछ गरीब मुसलमान लड़कों को पैसा देकर खुद ही पत्थर फिंकवाते हैं भाजपा के लोग। इसके फैक्ट्स अभी मेरे पास नहीं आए हैं। मैं उसको चेक कर रहा हूं। इसलिए आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन जो जानकारी आ रही है, वह बता रहा हूं।" पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने अपनी ओर से लगाई गई जनहित याचिका का हवाला देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने निर्देश दिया है कि सरकार को हिंदू-मुस्लिम दंगे रोकने के लिए क्या-क्या करना चाहिए। उसका पालन सरकार नहीं कर रही है।

जब उनसे सवाल किया गया कि कौन सी सरकार नहीं कर पा रही है, इसमें राजस्थान सरकार भी शामिल है क्या? इस पर सिंह ने कहा, "जिन प्रदेशों की सरकारें नहीं कर रही हैं, उनसे हमारी मांग है कि उन्हें करना चाहिए। चाहे सरकार भाजपा की हो या कांग्रेस की। लेकिन मैं मध्य प्रदेश का तो जानता हूं, इसीलिए तो पीआईएल लगाई है। उज्जैन में, मंदसौर में, इंदौर में दंगे-फसाद हुए, वहां निर्देशों का पालन नहीं हुआ।"

भाजपा ने किया पलटवार

वहीं कांग्रेस नेता के इस बयान पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि भाजपा दंगों को रोकने वाली है, दंगों को बढ़ावा देने वाली नहीं। आप इस तरह के आरोप कैसे लगा सकते हैं जब आप कह रहे हैं कि आपके पास सबूत नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस के अपने नेताओं को खुश करने के लिए ऐसा बयान दे रहे हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)