Moscow attack: रूस ने किया हमलावरों की गिरफ्तारी का दावा, यूक्रेन ने कही ये बात

Moscow attack Putin address to nation

मॉस्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दावा किया है कि राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके में एक कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार रात गोलीबारी करने वाले चार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले में कम से कम 133 लोगों की मौत हो गई और 140 घायल हो गए। इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि चार बंदूकधारियों को यूक्रेन की ओर भागते हुए पकड़ा गया। वहीं यूक्रेन ने इस हमले में किसी भी तरह की संलिप्तता से साफ इनकार किया है।

 इस्लामिक स्टेट के एक गुट ने ली जिम्मेदारी

 शनिवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने 24 मार्च को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। पुतिन ने कहा कि हमलावरों ने यूक्रेन की ओर भागने की कोशिश की। सभी को पकड़ लिया गया है और कड़ी सजा दी जाएगी।' उन्होंने इस हमले को बर्बर आतंकवादी कृत्य करार दिया है।

 हालाँकि, यूक्रेन ने हमले में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मॉस्को के कॉन्सर्ट हॉल पर हुए हमले के लिए उनके देश को दोषी ठहराना चाहते हैं। इस्लामिक स्टेट के एक गुट ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

 पिछले दो दशक में रूस पर हुए इस सबसे बड़े हमले में रूस ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 4 हमलावर हैं और 7 लोग उनके मददगार बताए जा रहे हैं। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि रूस खून का बदला खून से लेगा।

 यह भी पढ़ेंः-PBKS vs DC Live Score: दिल्ली ने पंजाब को दिया 175 रन का लक्ष्य

 गौरतलब है कि यह हमला 22 मार्च, शुक्रवार की रात को हुआ था, जब दर्शकों का एक बड़ा समूह प्रसिद्ध रूसी रॉक बैंड के प्रदर्शन के लिए क्रोकस सिटी हॉल में एकत्र हुआ था। सेना की वर्दी पहने चार आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की, बम फेंके और भाग गए। हमले की जिम्मेदारी आईएसआईएस-खुरासान ने ली है।


(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)