प्रदेश मध्य प्रदेश

राज्य में एक बार फिर सक्रिय होगा मानसून, इन जिलों में झमाझम बारिश के आसार

भोपाल: मध्य प्रदेश के किसानों के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन रहा है। जो अगर सक्रिय होता है तो हिमालय की तराई में पहुंचा मानसून ट्रफ भी वापस आ सकता है। जिसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर मानसून सक्रिय होगा।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि मानसून ट्रफ के दोनों छोर वर्तमान में हिमालय की तराई में हैं। साथ ही मध्य प्रदेश में किसी भी वेदर सिस्टम के सक्रिय नहीं रहने से बारिश की गतिविधियां लगभग थम गई हैं। हालांकि शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में एक सिस्टम बन रहा है। इस सिस्टम के सक्रिय होते ही हिमालय की तराई में पहुंच गए मानसून ट्रफ के भी वापस आने की संभावना है। इन दो सिस्टम के प्रभाव से मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होगा। शुक्रवार से पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के आसार हैं। इसके प्रभाव से शुक्रवार से ही पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश होने लगेगी। शनिवार से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने लगेगी। 29 अगस्त को भोपाल और आसपास के जिलों में भी वर्षा होने के आसार हैं।

यह भी पढ़ेंः-प्रियंका के रेस्टोरेंट में अनुपम खेर ने किया डिनर, तस्वीरें शेयर कर कहा- भारतीयों को आप पर गर्व

इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को रीवा और शहडोल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही सागर, जबलपुर, भोपाल, होशंगाबाद, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में रिमझिम बारिश हो सकती है। बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, नीमच एवं मंदसौर जिलों में भी कहीं-कहीं बौछारें पड़ने की संभावना है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर फॉलो पर करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)