यूपी में छूटे हुए स्वास्थ्यकर्मियों को शुक्रवार को लगेगा टीका, 20 लाख डोज उपलब्ध

66

लखनऊः प्रदेश में दूसरे दौर का कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम शुक्रवार से शुरू होगा। जिन लोगों को टीका लगाया जाएगा, उनकी सूची कोविन पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। इसमें विगत 16 जनवरी को पहले दौर में किसी कारणवश छूटे स्वास्थ्यकर्मियों को भी वैक्सीन लगायी जाएगी। जिन लोगों का टीकाकरण शुक्रवार को होना है, उन्हें मैसेज भेजकर टीकाकरण का स्थान बताकर सूचित किया जा रहा है। वहीं 15 फरवरी से कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज दिया जाना प्रारम्भ किया जाएगा।

प्रदेश के प्रमुख सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आलोक कुमार ने बताया कि लगभग 1,400-1,500 बूथ बनाकर टीकाकारण का कार्य होगा। एक बूथ पर सौ स्वास्थ्यकर्मियों के मुताबिक 1.40-1.50 लाख चिकित्सक-स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वैक्सीन की 10.75 लाख डोज पहले आ चुकी थी। इसके बाद 09.11 लाख डोज कल रात उपलब्ध हो गई। इस तरह अब वैक्सीन की लगभग बीस लाख डोज उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या 8.55 लाख से 9.00 लाख के बीच है। एक स्वास्थ्यकर्मी को दो डोज की जरूरत होती है। इस लिहाज से सभी के लिए पर्याप्त संख्या में डोज उपलब्ध हैं।

यह भी पढ़ें-भाजपा के सभी दस व सपा के दोनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 195 नये मामले आये हैं। इसी दौरान 345 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए। राज्य में अब संक्रमण का ग्राफ तेजी से गिर रहा है। लगभग 70 जिलों में इकाई संख्या में ही मामले हैं। कुछ ही जिलों में दहाई संख्या में मामले आ रहे हैं। किसी भी जिले में गम्भीर स्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि संक्रमण कम होने के कारण अब राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 7,171 रह गई है। पिछले चौबीस घंटों में कोरोना संक्रमण से 6 लोगों की मौत हुई हुई और अब तक कुल 8,597 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कुल सक्रिय मामलों में से 2,577 लोग होम आइसोलेशन में है। प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,39,052 सैम्पल की जांच की गयी। वहीं अब तक कुल 2,67,15,060 सैम्पल की जांच की गयी है। इसके साथ ही अब तक कुल 5,81,509 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।