चंडीगढ़ से कुशीनगर जा रही मिनी बस खाई में पलटी, दो की मौत, कई घायल

36

लखनऊः उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में गुरुवार को यात्रियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर खाई में जाकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मिनी बस संख्या यूपी 31 एटी 1688 चंडीगढ़ से यात्रियों को लेकर कुशीनगर जा रही थी। बस में करीब तीस यात्री सवार थे। गुरुवार को थाना तिलहर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास मिनी बस अनियंत्रित होकर खाई में जाकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में कुशीनगर निवासी गणेश (25) और गोविंद (38) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रुप से घायल कुशीनगर निवासी संदीप (25), अखिलेश (33), शहाबुद्दीन (29), अरविंद (10), मनोज कुमार (28) व एक अन्य व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं अन्य यात्रियों के भी हल्की चोटे आई हैं।

यह भी पढ़ेंःसुप्रीम कोर्ट का आदेश, सेना में महिला अधिकारियों को दो माह…

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि अधिकतर यात्री कुशीनगर के रहने वाले हैं और चंडीगढ़ में काम करते हैं। होली पर्व पर सभी लोग वापस कुशीनगर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि चालक को झपकी आ जाने से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।