Microsoft Server Down: सर्वर डाउन होने के कारण हैदराबाद एयरपोर्ट से 23 उड़ानें रद्द, यात्री परेशान

46
microsoft-server-down

Microsoft Server Down, हैदराबाद: माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में शुक्रवार (19 जुलाई) को अचानक तकनीकी खराबी आ जाने से हाहाकर मचा हुआ है। सर्वर ठप होने से इसके असर भारत समेत दुनिया भर की हवाई सेवाओं पर पड़ा है। सबसे ज्यादा असर एयरपोर्ट और बैंकों में दिखाई दे रहा है। वहीं माइक्रोसॉफ्ट में वैश्विक गड़बड़ी के कारण हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को 23 घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं। जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Microsoft Server Down: 12 टेक-ऑफ और 11 लैंडिंग रद्द

एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि आईटी सेवाओं में व्यवधान के कारण विभिन्न एयरलाइंस को 12 टेक-ऑफ और 11 लैंडिंग रद्द करनी पड़ी। दोपहर तक स्थिति यही रही। रद्द उड़ानों की संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि आईटी सेवाएं अभी तक बहाल नहीं हुई हैं।

एयरपोर्ट ने यात्रियों को भेजे संदेश में कहा, “हम अपने यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए अपने सभी भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। कृपया अपनी उड़ान की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।” इसके बाद यात्रियों ने एयरलाइंस से उड़ानों की स्थिति के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। जो लोग एयरपोर्ट पहुंच चुके थे, लेकिन बाद में उन्हें अपनी उड़ानें रद्द होने की जानकारी दी गई, वे एयरलाइंस से रिफंड के बारे में पूछताछ करते देखे गए।

Microsoft Server में कैसे आई खराबी ?

जानकारी के मुताबिक, दुनियाभर में लाखों विंडोज यूजर्स ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ (BSOD) एरर का सामना कर रहे हैं। भारत में भी इंडिगो, स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस ने सिस्टम में तकनीकी दिक्कतों की शिकायत की है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वास्तविक समस्या कहां है।

ये भी पढ़ेंः-Microsoft के सर्वर में खराबी से पूरी दुनिया पर असर, कई उड़ाने रद्द, बैंक के काम ठप…

हालांकि, शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि यह समस्या विंडोज में BSOD (ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ) के कारण होती है। यह समस्या साइबर सुरक्षा कंपनी क्राउडस्ट्राइक द्वारा जारी किए गए अपडेट के कारण शुरू हुई है। कथित तौर पर कहा जा रहा है कि यह अपडेट सॉफ्टवेयर के फाल्कन सूट का हिस्सा है जो कंप्यूटर को साइबर सुरक्षा प्रदान करता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)