‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान वीरों का करेगा सम्मान, जानिए और क्या है खास

0
8

'Meri Maati, Mera Desh' campaign will honor the heroes

नई दिल्ली: देशभर में अमृत कलश यात्राओं के साथ ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर रहा है। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के मुताबिक, इस अखिल भारतीय संपर्क पहल का उद्देश्य देश के हर घर तक पहुंचना था। इस महत्वपूर्ण सहयोगात्मक प्रयास में, विभिन्न मंत्रालय, राज्य सरकारें, नेहरू युवा केंद्र संगठन, क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और भारतीय डाक गांव और ब्लॉक स्तर पर हर घर से मिट्टी एकत्र कर रहे हैं। 4419 से अधिक ब्लॉकों में पहले ही ‘मेरी माटी, मेरा देश’ कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है।

संस्कृति मंत्रालय का कहना है कि देश के नायकों को सम्मानित करने के लिए राष्ट्रव्यापी ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान 9 अगस्त, 2023 को शुरू किया गया था। जिन साहसी व्यक्तियों ने अदम्य साहस का परिचय दिया और राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दे दी, उन्हें ‘वीर’ की संज्ञा दी गई है। यह पहल ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ की परिणति का प्रतीक है। इसके तहत पूरे भारत में दो लाख से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसमें बड़े पैमाने पर जनभागीदारी देखने को मिली। मंत्रालय के मुताबिक, ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान के शुरुआती चरण में व्यापक पहुंच और महत्वपूर्ण जन भागीदारी के साथ उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। आज तक, 36 राज्यों में 2,33,000 से अधिक पाषाण स्मारकों का निर्माण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, पंच प्राण प्रतिज्ञा के साथ लगभग चार करोड़ सेल्फी वेबसाइट पर अपलोड की गई हैं।

यह भी पढ़ें-समलैंगिक विवाह को मान्यता देने से SC का इनकार, 5 जजों का आया बंटा हुआ फैसला

अभियान के दौरान वीरों को सम्मानित करते हुए देश भर में 2,00,000 से अधिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किये गये। वसुधा वंदन थीम के तहत 23 करोड़ 60 लाख से अधिक स्वदेशी पौधे लगाए गए हैं और दो लाख 63 हजार अमृत वाटिकाएं बनाई गई हैं। अमृत कलश यात्राएं 30 और 31 अक्टूबर 2023 को कर्तव्य पथ पर आयोजित एक भव्य समारोह में पहुंचेंगी। इस राष्ट्रव्यापी पहल की भव्य परिणति को चिह्नित करने के लिए, हमारे राष्ट्र की एकता और विविधता का प्रतीक एक स्मारक कलश अमृत वाटिका में स्थापित किया जाएगा और अमृत महोत्सव स्मारक, जिसमें देश के कोने-कोने से एकत्र की गई मिट्टी को मिलाया जाएगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)