प्रदेश उत्तर प्रदेश क्राइम

दो मासूम बच्चों की हत्या के बाद विवाहिता ने की आत्महत्या, पति लापता

लखनऊः उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद के लोनी बॉर्डर थाना उत्तरांचल कॉलोनी में एक महिला ने पहले अपने दो बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद उस महिला ने भी फांसी पर लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। महिला का पति प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करता है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी लोनी अतुल सोनकर ने बताया कि अरविंद मालिक गली नंबर 7 उत्तरांचल कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता है। उसके परिवार में उसकी पत्नी प्रिया दहिया व पांच वर्षीय बेटी निव्या तथा सवा महीने का पुत्र भी रहते हैं। पुत्र का अभी तक नाम भी नही रखा गया है। उन्होंने बताया कि अरविंद की 25 वर्षीय पत्नी प्रिया दहिया ने पहले बेटी निव्या व सवा महीने के पुत्र की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ेंःशोपियां में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर समेत दो आतंकी ढेर

लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी एके मिश्र ने बताया कि अरविंद ही तीनों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल लेकर गया था। उसके बाद वह वहां से चला गया। उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा है। उन्होंने कहा कि अरविंद की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मकान उत्तरांचल कॉलोनी पर जाकर पता किया गया तो पड़ोसियों ने बताया कि पति पत्नी के अलावा और कोई नहीं रहता था। पड़ोसियों के बताने के अनुसार कोई समस्या नहीं थी। उन्होंने कहा कि विधिक कार्यवाही की जाएगी। प्रारम्भिक जांच में मामला गृह क्लेश का लग रहा है। पुलिस अन्य सभी संभावित बिंदुओं पर भी पड़ताल कर रही है।