मराठा आरक्षणः बिना अनुमति के भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जरांगे, पुलिस बल तैनात

19
maratha-reservation-manoj-jarange

मुंबई :  मराठा नेता मनोज जरांगे ने मराठा समुदाय को आरक्षण देने की मांग को लेकर जालना जिले के अंतरवाली सरती गांव में शनिवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। अंतरवाली सरती के कई ग्रामीणों ने मनोज जरांगे के भूख हड़ताल का विरोध किया है, जिसके चलते जिला प्रशासन ने भूख हड़ताल की अनुमति नहीं दी है। अंतरवाली सरती में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने की कही बात

मनोज जरांगे ने कहा कि राज्य सरकार ने मराठा समुदाय के परिजनों को आरक्षण देने का आश्वासन दिया था, जिसके चलते उन्होंने पिछली बार भूख हड़ताल खत्म कर दी थी। लेकिन अब तक सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया है। इसके चलते मनोज जरांगे 4 जून से भूख हड़ताल करने वाले थे, लेकिन आचार संहिता के चलते पुलिस ने अनुमति नहीं दी। अब ग्रामीणों के विरोध का हवाला देकर पुलिस ने अनुमति नहीं दी है। मनोज जरांगे ने कहा कि वह भूख हड़ताल पर हैं, अगर सरकार नहीं जागी तो वह महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे।

यह भी पढे़ंः-PM Modi Oath Ceremony: शपथ ग्रहण समारोह को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, इस तरह होगी निगहबानी

4 दशकों से आरक्षण की मांग

पिछली बार भूख हड़ताल के दबाव में आकर राज्य सरकार ने विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाकर उनकी कई मांगें मान लीं। साथ ही समझौते के मुताबिक कुछ अन्य मांगों पर अभी अमल होना बाकी है। महाराष्ट्र में मराठा आबादी करीब 33 फीसदी है। वे पिछले चार दशकों से नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण की मांग कर रहे हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)