भोपालः मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा थाना अंतर्गत लाल पठार क्षेत्र में एक बच्चे को बचाने के लिए कुएं के पास पहुंचे मिट्टी धसकने के कारण उसमें गिर गए। रेस्क्यू अभियान के तहत अब तक चार लोगों की शव बरामद किये गये हैं। वहीं करीब 20 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम लगी हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि गंजबासौदा के लाल पठार पर रात को एक 14 साल का लड़का कुएं में गिर गया था। इसके बाद वहां भीड़ लग गई। भीड़ के वजन से अचानक कुआं धंस गया। इससे वहां खड़े करीब 30 लोग कुएं में गिर गए। सूचना मिलने पर ट्रैक्टर व अन्य साधनों से बचाव कार्य शुरू किया गया। तत्काल पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। इसी बीच बचाव कार्य में लगे ट्रैक्टर व पानी निकालने की मोटर भी कुएं में गिर जाने से राहत कार्य प्रभावित हो गया। फिर घटना की जानकारी लगते ही प्रशासन तुरंत जेसीबी और अन्य मशीनों के जरिए राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया। कुएं की गहराई करीब 50 फीट बताई जा रही है और उसमें करीब 25 फीट तक पानी भरा हुआ है। अब तक 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
यह भी पढ़ेंःसीडीएस जनरल रावत ने एलओसी पर सैनिकों का हौसला बढ़ाया
वहीं चार लोगों के शव भी बरामद किये गये हैं। अन्य को भी गोताखोरों की टीम गहराई में जाकर निकालने के प्रयासों में जुटी है। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा है कि गोताखोर लगातार लोगों को बाहर निकाल रहे हैं ,अब तक कई लोगों को निकाला जा चुका है, अस्पताल में इलाज जारी है, अभी और लोगों के कुएं की गहराई में होने की आशंका के मद्देनजर बचाव कार्य जारी है। उन्होंने गंजबासौदा घटना की उच्चस्तरीय जांच और पीड़ितों को हरसंभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।