‘नेताजी’ के निधन पर नीतीश, लालू समेत कई नेताओं ने जताया शोक, बिहार में एक दिन का राजकीय शोक घोषित

0
28

पटनाः समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद, विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा सहित तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए अपनी संवेदना जतायी है। यादव के निधन की खबर बिहार पहुंचने के बाद राजनीतिक हलकों में शोक की लहर उमड़ पड़ी। सभी दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। वहीं बिहार सरकार ने उनके निधन पर एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। श्री यादव देश के बड़े समाजवादी नेता थे। एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेने वाले यादव पहले दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे उसके पश्चात देश के रक्षा मंत्री बने, पुनः एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वे स्पष्टवादी, निडर एवं दूरदर्शी नेता थे। वे लोकप्रिय जननेता के साथ ही कुशल प्रशासक भी थे। वे लोकसभा सांसद भी थे। वे हमेशा अपनी विचारधारा पर अडिग रहे। उत्तर प्रदेश एवं देश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनसे हमारा व्यक्तिगत लगाव था। उनके निधन से मुझे काफी दुख पहुंचा है।

राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मुलायम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवादी वटवृक्ष सपा संरक्षक मुलायम सिंह के निधन की खबर से मर्माहत हूं। देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। उनकी यादें हमेश जुड़ी रहेगी। इधर, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह के निधन पर गहरा शोक और संवेदना व्यक्त करता हूं। वे एक कुशल प्रशासक, प्रख्यात समाजवादी एवं लोकप्रिय राजनेता थे। उनके निधन से देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

ये भी पढ़ें..अमिताभ बच्चन को बर्थडे से पहले धर्मेंद्र ने इस बात के…

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने यादव के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि सौम्य व्यक्तित्व के धनी, समाजवादी नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन से मर्माहत हूं। भाजपा नेता ने कहा कि उनका जाना देश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम मेदांता में निधन हो गया।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…