Ayodhya: अयोध्या में खुलेंगे ताज समेत कई 5 व 3 स्टार होटल, बढ़ेगा पर्यटन

0
11

अयोध्या: श्रीराम मंदिर निर्माण के साथ-साथ अयोध्या (Ayodhya) विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में भी विकसित हो रही है। जैसे-जैसे यहां राम मंदिर का निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है, भक्तों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है।

पर्यटकों के आने की संभावना ने अयोध्या (Ayodhya) में व्यवसायिक संभावनाओं को भी पंख लगा दिये हैं। देश के बड़े पूंजीपति आज अयोध्या में पूंजी निवेश करने की तैयारी में हैं। अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए होटल सेक्टर में आर्थिक समृद्धि की संभावना को देखते हुए देश की जानी-मानी होटल कंपनी ओबेरॉय ग्रुप और ताज ग्रुप ने भी अयोध्या में होटल बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।

बड़े होटल समूहों की पसंद बनती जा रही अयोध्या 

होटल व्यवसायियों को भी रामनगरी पसंद आ रही है। कई बड़े समूह अयोध्या (Ayodhya) में होटल बनाने में रुचि रखते हैं। इसी क्रम में ताज ग्रुप अयोध्या में फाइव स्टार होटल बनाने जा रहा है। अब तक ताज समेत 42 होटलों को मंजूरी मिल चुकी है। होटलों के निर्माण से रामनगरी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक समृद्धि भी बढ़ेगी।

अगले साल तक पूरा हो जाएगा निर्माण कार्य

अयोध्या (Ayodhya) में बन रहे राम मंदिर का काम भी अगले साल तक पूरा हो जाएगा। जनवरी 2024 से मंदिर के दरवाजे आम जनता के लिए खोल दिए जाएंगे। अयोध्या में बन रहे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का काम भी दिसंबर तक लगभग पूरा हो जाएगा। इसके अलावा अयोध्या धाम (Ayodhya) रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अयोध्या रेलवे स्टेशन को भी विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन बनाया जा रहा है। इन सबके पीछे योगी सरकार की मंशा अयोध्या में ज्यादा से ज्यादा पर्यटन को बढ़ावा देना है, ताकि सरकार की आय के साथ-साथ लोगों की बेरोजगारी भी दूर हो सके। होटल व्यवसाय से अधिक आय की उम्मीद है। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या में कई बड़े होटल बनाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें..UP News: दयाशंकर सिंह बोले-यात्रियों की हर सुविधा का ध्यान रखे परिवहन विभाग

हर साल आएंगे 10 करोड़ श्रद्धालु और पर्यटक

राम मंदिर का निर्माण शुरू होने के बाद से रामनगरी में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले साल अयोध्या (Ayodhya) में चार करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु आए थे, जिनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या दो लाख से ज्यादा थी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि राम मंदिर के उद्घाटन के बाद हर साल करीब 10 करोड़ श्रद्धालु आएंगे। बड़ी संख्या में होटलों के निर्माण से यहां आने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी। रामनगरी की समृद्धि भी बढ़ेगी। नई पर्यटन नीति में स्टांप और विकास शुल्क समेत कई करों में छूट दी गई है। सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं को देखते हुए होटल कारोबार से जुड़ी कई बड़ी नामी कंपनियां अयोध्या में होटल खोलने जा रही हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)