Mumbai rains: मुंबई में लगातार हो रही बारिश से पानी में डूबे कई इलाके, यातायात बाधित

17

mumbai-rains

मुंबई: मुंबई में लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश (Mumbai rains) के कारण निचले इलाकों में जलजमाव शुरू हो गया है। इसके चलते मुंबई के अंधेरी जोगेश्वरी, गोरेगांव, मलाड, कांदिवली, बोरीवली उपनगरों में जलभराव के कारण यातायात बाधित होने लगा है। मुंबई नगर निगम के कर्मचारी पंपिंग की मदद से जल निकासी का काम कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक मुंबई में मध्यम बारिश की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश (Mumbai rains) हो रही है। मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों और कोंकण और पश्चिम महाराष्ट्र में भी भारी बारिश होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई उपनगरों में पिछले सवा घंटे से हो रही भारी बारिश के कारण उपनगरों के कई निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। अंधेरी पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाले अंधेरी सबवे में पानी भर गया है। अंधेरी सबवे में भी तीन से चार फीट पानी भरने के कारण आज इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। कल भी भारी बारिश के कारण अंधेरी सबवे को एक घंटे के लिए यातायात के लिए बंद कर दिया गया था।

ये भी पढ़ें..Mumbai: अलग-अलग दही-हांडी प्रतियोगिताओं में 35 गोविंदा हुए घायल, भर्ती

मुंबई को पानी सप्लाई करने वाला मोदकसागर भारी बारिश के कारण दूसरी बार ओवरफ्लो हो गया है. इसी तरह, ठाणे जिले की शाहपुर तहसील में भारी बारिश के कारण मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाली सेंट्रल वैतरणा आज सुबह ओवरफ्लो हो गई। चूंकि इन दोनों जलाशयों से पानी निकाला जा रहा है, वाडा वसई के निचले इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)