‘अध्यादेश मिलने तक जारी रहेगा अनशन’, मनोज जरांगे ने दी चेतावनी

38

manoj-jarange-patil

मुंबई: मराठा क्रांति मोर्चा के संयोजक मनोज जरांगे (Manoj Jarange Patil) ने सोमवार को कहा कि जब तक उन्हें 100 प्रतिशत मराठा आरक्षण के लिए अध्यादेश नहीं मिल जाता, तब तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी।

मनोज जारांगे ने कहा कि आज की बैठक में छत्रपति परिवार के वंशज उदयनराजे भोसले भी मौजूद थे, इसलिए उन्हें विश्वास है कि उनकी मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई होगी। उधर, उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने मुंबई में पत्रकारों से कहा कि सरकारी प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जालना जाकर मनोज जारांगे से मुलाकात करेगा और उन्हें आज हुई बैठक की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।

सरकार ने गठित की कमेटी 

मराठा क्रांति मोर्चा के संयोजक मनोज जरांगे (Manoj Jarange Patil) मराठा समुदाय को कुनबी जाति प्रमाण पत्र देने की मांग को लेकर पिछले आठ दिनों से जालना में अनशन कर रहे हैं। इस मुद्दे पर आज सह्याद्री गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार, उदयन राजे भोसले, चंद्रकांत पाटिल आदि नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि कुनबी जाति प्रमाण पत्र मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एक कमेटी गठित की है। सीएम शिंदे ने मराठा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने का आश्वासन देकर मराठा समुदाय से अनशन वापस लेने की अपील की है।

ये भी पढ़ें..Jalna: मनोज जारंगे से मिले राज ठाकरे, देवेंद्र फडणवीस पर साधा निशाना

‘मीडिया के माध्यम से मिली जानकारी’

मनोज जरांगे (Manoj Jarange Patil) ने पत्रकारों से कहा कि यह सारी जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है। जब तक सरकार का प्रतिनिधिमंडल अध्यादेश लेकर उनके पास नहीं आएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा। ज़रांगे पाटिल (Manoj Jarange Patil) ने कहा कि वह दो दिनों तक सरकारी प्रतिनिधिमंडल का इंतजार करेंगे, जिसके बाद वह उपवास के दौरान पानी पीना भी बंद कर देंगे। मनोज जारांगे ने कहा कि जालना लाठीचार्ज के लिए देवेंद्र फडणवीस ने माफी मांगी है, लेकिन लाठीचार्ज करने वालों को अभी तक निलंबित नहीं किया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)