ममता ने जनता को किया आगाह, कहा-किसी भी सूरत में न करें भाजपा का भरोसा

0
34

हुगलीः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की जनता को एक बार फिर आगाह करते हुए कहा कि वह किसी भी सूरत में भाजपा पर भरोसा न करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा दंगाबाज और झूठी पार्टी है। भाजपा पूरी तरह से फर्जी हो गयी है। इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पर विश्वास करने की कोई जरूरत नहीं है। ममता ने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचारी थे और जिन्हें टिकट नहीं मिलने वाला था वे दल छोड़कर चले गए हैं और जो लोग अभी भी तृणमूल कांग्रेस छोड़कर जाना चाहते हैं वह चले जायें। इससे पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हुगली जिले के पुरसुरा में तृणमूल कांग्रेस द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहीं थीं। ममता बनर्जी ने कहा कि मई महीने में उनके कार्यकाल का 10 साल पूरा होगा। कोरोना के कारण उनकी सरकार एक साल काम नहीं कर पाई और उनके शासनकाल में कई बार लोकसभा नगरपालिका और पंचायत चुनाव हुए। इसमें भी काफी समय बीत गया। फिर भी अपने आठ वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने बंगाल के लिए बहुत काम किया है। ममता बनर्जी ने मौजूद भीड़ के सामने राज्य सरकार द्वारा जनता के हित में किए गए कामों को भी गिनाया।

यह भी पढ़ें-लॉकडाउन ने बढ़ाई असमानता की खाई, मुकेश अंबानी ने हर घंटे…

पुरसुरा की सभा को तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपने बूथ कर्मियों को समर्पित किया और कहा कि बूथकर्मी ही किसी भी पार्टी की रीढ़ की हड्डी होते हैं और उन्हें हर स्थिति में मजबूत रहना होगा। ममता बनर्जी ने कहा कि वे भाजपा के सामने नतमस्तक नहीं होंगी। इसके लिए चाहे उन्हें जो भी परिणाम भुगतना पड़े। पुरसुरा की सभा में ममता बनर्जी ने कहा कि विक्टोरिया में पराक्रम दिवस के कार्यक्रम में बुलाकर उन्हें अपमानित किया गया। बंगाल की जनता बंगाल के इस अपमान का जवाब जरूर देगी।