ममता बनर्जी सरकार के मंत्री जाकिर हुसैन पर बमबारी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

79

कोलकाता: ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री जाकिर हुसैन पर मुर्शिदाबाद जिले के निमतिता स्टेशन पर बुधवार रात बमबारी हुई है। घटना में मंत्री और उनके कई अन्य सहयोगी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी हालत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि देर रात उन्हें मुर्शिदाबाद के अस्पताल से कोलकाता रेफर कर दिया गया, जिसके बाद गुरुवार सुबह 5:00 बजे महानगर के राजकीय एसएसकेएम अस्पताल में लाकर भर्ती किया गया है। यहां उनके इलाज के लिए गठित चिकित्सकों की टीम ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया है।

मंत्री और उनके एक साथी को आज सुबह लगभग 5 बजे एसएसकेएम ट्रामा केयर सेंटर लाया गया। सूत्रों के मुताबिक, निमातिता स्टेशन पर हुए बम विस्फोट में घायल हुए 12 और लोगों को भी एसएसकेएम लाया जा रहा है। कल कोलकाता से लौटते समय मुर्शिदाबाद के निमातिता स्टेशन पर राज्य के श्रम मंत्री जाकिर हुसैन पर बम फेंका गया था। घायलों को तुरंत जंगीपुर अस्पताल पहुंचाया गया था।

मंत्री पर हमले को लेकर राजनीतिक तकरार बढ़ गया है लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसके पीछे कौन है। सूत्रों के अनुसार, मंत्री ने राज्य सरकार के पास जिले के पशु तस्करों का विरोध करते हुए एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। क्षेत्र के कुछ व्यापारियों के साथ भी उनका विवाद था। जाकिर हुसैन ने पहले रघुनाथगंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि उनपर हमला किया जा सकता है। आखिरकार यह डर बुधवार को सच साबित हो गया।

यह भी पढ़ेंः-सात माह की यात्रा के बाद मंगल ग्रह पर पहुंचा नासा का मार्स रोवर पर्सिवेरेंस, करेगा ये काम

कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार का विरोध करने पर राज्य के मंत्री पर हमला किया गया। भाजपा ने कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा तंज किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि मंत्री भी सुरक्षित नहीं हैं। यहां कानून-व्यवस्था चरमरा गई है।