बही बसंती बयारः इन फूलों से महकाएं घर, आंगन मौसमी फूलों के लिए है सबसे उपयुक्त समय

156

लखनऊः सर्दी के मौसम में किसान अपने खेतों की फसल को लेकर परेशाान थे, तो किचन गार्डनिंग करने वाले भी गमले और क्यारियों को लेकर चिंतित थे। अब वसंत का मौसम अपने साथ धूप भी लाया है। इसमें जो फूल दिख रहे हैं, उनका चटख रंग हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। इन दिनों जो मौसम चल रहा है, उसमें तमाम तरह के पौधे लगाए जा सकते हैं। यह मौसमी फूलों के लिए उपयुक्त समय है। गर्मियों के मौसम में फूलों की खेती सफल रहती है। कुछ पौधे ज्यादा तापमान में काफी अच्छे फूल देने में माहिर रहते हैं। फरवरी और मार्च फूलों की खेती के लिए सबसे अच्छा मौसम माना जाता है। इससे किसान की आमदनी भी बढ़ जाएगी।

सूरजमुखी और जीनिया की करें खेती

गर्मी के मौसम में सूरजमुखी सबसे अच्छा पौधा माना जाता है। इस मौसम में सूरजमुखी का पौधा बहुत आसानी से उगता है। इसके फूल काफी बड़े और सुंदर होते हैं और यह जल्द ही बढ़वार भी पा लेता है। इसके साथ ही जीनिया बहुत जल्दी फल देने लगता है, इसलिए इसको मार्च के पहले सप्ताह में उगा सकते हैं। यह काफी रंग-बिरंगे फूलों वाला पौधा होता है। इसकी खेती बहुत आसानी से की जा सकती है। जीनिया कई वैरायटी में आता है और काफी सुंदर दिखता है।

सदाबहार और मॉर्निंग ग्लोरी से करें सजावट

महफिल को सजाना हो, तो सदाबहार और मॉर्निंग ग्लोरी के साथ करें। सदाबहार एक ऐसा पौधा है, जो काफी लंबे समय तक फूल देता रहता है। गर्मियों में सदाबहार का पौधा काफी तेजी से विकसित होता है। इसके फूल लाल और सफेद रंग के होते हैं, जबकि मॉर्निंग ग्लोरी लता वाले फूलों में सबसे अच्छा पौधा माना जाता है। यह कई रंगों में उगाया जाता है और इसका बीज बहुत आसानी से उग जाता है।

बालसम और कॉसमास की करें पहचान

बालसम के बीज छोटे होते हैं, लेकिन काफी आसानी से अंकुरित हो जाते हैं। इसको ज्यादा पानी से बचाकर रखें, क्योंकि इसकी शाखाएं बहुत कमजोर होती हैं। इसके पौधे सड़ने लगते हैं, इसको मार्च से अगस्त महीने तक आसानी से उगाया जा सकता है जबकि कॉसमॉस थोड़ा नाजुक होता है। यह गेंदे के फूल जैसा दिखाई देता है, जो लगभग 3 से 4 रंग में आता है। अगर कॉसमॉस की खेती को सही तरीके से किया जाए, तो यह साल भर फूल देता रहता है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)