पहलवानों के पक्ष में उतरी महिला कांग्रेस, राष्ट्रपति से की इंसाफ की मांग

0
16

 

चंडीगढ़: हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस ने राज्य के पहलवानों द्वारा चलाये जा रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से हस्तक्षेप की मांग की है। शुक्रवार को पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत में हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कहा कि जिस मुद्दे पर बात करने आई हूं वह देश के लिए गर्व की बात नहीं है। इस मौके पर महिला कांग्रेस नेता गीता कांगड़ा के अलावा पूजा, ओबीसी प्रकोष्ठ के राज्य मीडिया समन्वयक अभिषेक सैनी समेत कई नेता मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां पिछले चार महीने से दिल्ली में धरना दे रही हैं। केंद्र सरकार द्वारा बेटियों को न्याय दिलाने की बात तो दूर पुलिस द्वारा अमानवीय व्यवहार कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। सुधा भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार ने आज तक इन बेटियों का दुख जानने का कोई प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि 28 मई को दिल्ली पुलिस ने महिला खिलाड़ियों के साथ बदसलूकी की।

ऐसी शर्मनाक घटना आज तक देश में नहीं हुई। जिन खिलाड़ियों को पद्म श्री दिया गया है और जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं और भारत का नाम रोशन किया है, उन्हें इस तरह सड़कों पर घसीटा गया। सुधा भारद्वाज ने कहा कि बृजभूषण जैसे व्यक्ति को जेल जाना चाहिए लेकिन केंद्र सरकार खिलाड़ी बेटियों को जेल भेज रही है।

यह भी पढ़ेंः-RBI ने डिजिटल भुगतान सुरक्षा नियंत्रण पर जारी किया मसौदा निर्देश

उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे ज्यादातर खिलाड़ी हरियाणा से हैं। इस मामले में हरियाणा की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार की चुप्पी ने साबित कर दिया है कि बृजभूषण सिंह को बचाने में हरियाणा सरकार केंद्र सरकार का सहयोग कर रही है। सुधा भारद्वाज ने कहा कि मोदी सरकार के इस रवैये से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब हुई है। अब समय आ गया है जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। राष्ट्रपति इस मामले का संज्ञान लेते हुए केंद्र से जवाब मांगें और बृजभूषण सिंह के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दें।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)